Varanasi UP..काशी में साई भक्ति की गूंज: शिव साई मन्दिर बेनीपुर के स्थापना दिवस पर निकली भव्य पालकी शोभायात्रा।

काशी में साई भक्ति की गूंज: शिव साई मन्दिर बेनीपुर के स्थापना दिवस पर निकली भव्य पालकी शोभायात्रा।

वाराणसी, 18 फरवरी 2026।
काशी की पावन धरती पर स्थित बेनीपुर के शिव साई मन्दिर में स्थापना दिवस समारोह बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। प्रातःकाल से ही “राजाधिराज साई नाथ महाराज की जय” के जयघोष से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति ने आयोजन को भव्य स्वरूप प्रदान किया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 5 बजे काकड़ आरती से हुई, तत्पश्चात मंगल स्नान एवं अन्य धार्मिक अनुष्ठान संपन्न किए गए। सुबह 10:30 बजे साईंनाथ की पालकी का विधिवत पूजन किया गया। समाजसेवी श्री अवधेश पाठक द्वारा नारियल फोड़कर पालकी शोभायात्रा का शुभारंभ किया गया।
पारंपरिक वस्त्रों से सजे चोबदारों के साथ सजी-धजी पालकी में विराजमान साई बाबा की झांकी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। नर-नारी, बच्चे और बुजुर्ग हाथों में केसरिया ध्वज और माथे पर बाबा के नाम की पट्टी धारण किए भक्ति गीत गाते हुए शोभायात्रा में सम्मिलित हुए। “सबका मालिक एक” और “भर दे मेरी झोली साई बाबा” जैसे जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो गया। गाजे-बाजे और शहनाई की मधुर ध्वनि के बीच भक्तों ने बाबा की पालकी को कंधों पर उठाकर स्वयं को धन्य महसूस किया।
यह दिव्य शोभायात्रा बेनीपुर मंदिर से प्रारंभ होकर हैप्पी मॉडल स्कूल, भक्ति नगर कॉलोनी, संजय नगर कॉलोनी होते हुए अकथा बेनीपुर पोखरा तक गई और पुनः मंदिर परिसर में समाप्त हुई। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पालकी की आरती उतारी और प्रसाद वितरण किया। पालकी में सम्मिलित भक्तों के लिए जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
दोपहर 1:30 बजे महाआरती का शुभारंभ मंदिर के महंत श्री शिव प्रकाश पाठक द्वारा किया गया। आरती संस्कृत और मराठी में शिरडी की परंपरा के अनुरूप संपन्न हुई, जिससे वातावरण में अद्भुत आध्यात्मिक अनुभूति हुई। इसके पश्चात महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन किया गया, जो देर रात तक चलता रहा।
सायंकाल आरती के उपरांत भजन संध्या एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें प्रसिद्ध स्थानीय कलाकार पुनीत कृष्ण जेटली ‘पागल बाबा’ ने भक्ति गीतों की मनमोहक प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
इस अवसर पर मंदिर के महंत श्री शिव प्रकाश पाठक, मंदिर समिति के संयोजक रामजनम त्रिपाठी, प्रशांत पाठक, देवांश मनीष चोबे, कृष्ण कुमार पाठक, अनुज सिंह, गोपाल जी, राजेश यादव, संदीप केसरिया, प्रदीप कुमार सिंह, महेश गुलाटी, नमो नारायण पाण्डेय, काशीनाथ सहित समस्त कार्यकर्ता एवं भक्तगण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की भव्यता और श्रद्धालुओं की आस्था ने काशी में साई भक्ति की अनुपम छटा बिखेर दी।

Related posts