Varanasi UP…शहीद उद्यान बना सामाजिक समरसता का गवाह, 83 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ।

शहीद उद्यान बना सामाजिक समरसता का गवाह, 83 जोड़ों ने थामा एक-दूसरे का हाथ।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह।

-​80 हिंदू और तीन मुस्लिम जोड़ों ने अपनी परंपराओं के अनुसार रचाई शादी

महापौर ने नवदंपतियों को दिया आशीर्वाद, उपहार भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

वाराणसी : सिगरा स्थित शहीद उद्यान गुरुवार को मंगल गीतों और खुशियों से सराबोर हो उठा। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित भव्य समारोह में 83 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इसमें सामाजिक समरसता की अनूठी मिसाल देखने को मिली, जहां एक ही मंडप के नीचे 80 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए, वहीं तीन मुस्लिम जोड़ों ने भी अपने रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह कबूल किया।
समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित समारोह के मुख्य अतिथि महापौर अशोक कुमार तिवारी और अपर नगर आयुक्त सविता यादव ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देकर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना गरीब परिवारों के लिए संबल बनी है, जिससे बेटियों की शादी अब बोझ नहीं रह गई है। योजना के तहत कन्याओं के खाते में 60 हजार रुपये भेजे गए। वहीं 25 हजार की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई है। साथ ही 15 हजार रुपये सामूहिक विवाह की व्यवस्थाओं पर खर्च किया गया था । इस एक जोड़े पर एक लाख रुपये खर्च का प्राविधान है । महापौर ने जोड़ों को सरकार की ओर से दी जाने वाली सहायता राशि और उपहार सामग्री भी भेंट की। शहीद उद्यान में आयोजित इस गरिमामयी समारोह में पार्षद सुरेश चौरसिया, सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, मदन मोहन दुबे सहित निगम के अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related posts