ब्यूरो चीफ रवि प्रकाश द्विवेदी अमेठी
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के विकास खण्ड संग्रामपुर मे वन्यजीव और पर्यावरण की सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करने के उद्देश्य से विकास खंड संग्रामपुर के पौधशाला भवसिंहपुर में रविवार को जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम वन क्षेत्राधिकारी मोहम्मद इब्राहिम की देखरेख में तथा क्षेत्रीय वन दरोगा रणवीर सिंह की अध्यक्षता में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान वन दरोगा रणवीर सिंह ने कहा कि “वन्य जीवन प्रकृति की अमूल्य देन है, और इनका संरक्षण मानव जीवन के संतुलन के लिए अत्यंत आवश्यक है।” उन्होंने बताया कि भविष्य में वन्य प्राणियों की समाप्ति की आशंका के कारण ही प्रत्येक वर्ष 2 से 8 अक्टूबर तक “वन्यजीव सप्ताह” मनाया जाता है।
इस अभियान का उद्देश्य लोगों को प्रकृति से जोड़ना और उनमें संरक्षण की भावना विकसित करना है।कार्यक्रम के दौरान संगोष्ठी के माध्यम से प्रतिभागियों को बताया गया कि जंगली जानवर, पक्षी और पौधे पर्यावरण के अभिन्न अंग हैं। इनके लुप्त होने से पर्यावरणीय संतुलन बिगड़ता है,
जिससे मानव जीवन पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है। साथ ही लोगों को पौधरोपण, वन्यजीव संरक्षण और पर्यावरण की शुद्धता बनाए रखने के उपायों की जानकारी दी गई।वन दरोगा रणवीर सिंह ने कहा कि “हमें जंगली पशुओं और पौधों से प्रेम करना चाहिए, तभी हम स्वच्छ और शुद्ध पर्यावरण का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।
”इस अवसर पर अवधेश सिंह, राममूर्ति यादव, राजेंद्र यादव, लाल बहादुर यादव, राजकुमार मिश्रा, अरविंद सिंह, तेज बहादुर मिश्रा सहित कई ग्रामीणों ने प्रतिभाग किया और पर्यावरण सुरक्षा का संकल्प लिया।

