गुणवत्ता, पारदर्शिता और समयबद्धता पर डीएम का जोर — ओवरब्रिज, विद्यालय व्यवस्थाओं और मॉडल परियोजनाओं का निरीक्षण
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने बृहस्पतिवार को जिले में निर्माणाधीन परियोजनाओं, बेसिक शिक्षा व्यवस्था तथा मॉडल विद्यालय व इंडोर मिनी स्टेडियम के कार्यों की समग्र समीक्षा करते हुए अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित निर्माण परियोजनाओं की बैठक में डीएम ने रेलवे से संबंधित लंबित ओवरब्रिज मामलों पर शीघ्र अनुस्मारक भेजने के निर्देश दिए। श्यामनाथ रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के लिए उन्होंने उपजिलाधिकारी सदर को स्वामित्व विवाद वाले व्यक्तियों को नोटिस जारी कर मुआवजा वितरण प्रक्रिया समय पर पूर्ण कराने को कहा। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता व मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
बेसिक शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में डीएम ने निर्देश दिया कि सभी विद्यालय एसओपी के अनुसार शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करें। विद्यालयों में स्वच्छता, मिड-डे मील की गुणवत्ता, बच्चों की शत-प्रतिशत उपस्थिति, निपुण भारत मिशन की प्रगति, यूनिफॉर्म व जूता-मोजा-स्वेटर की उपलब्धता और एसएमसी/ अभिभावक बैठकें नियमित रूप से सुनिश्चित की जाएँ। उन्होंने वित्तीय पारदर्शिता हेतु विभिन्न अनुदानों की आय-व्यय तालिका विद्यालय की दीवार पर अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने ग्राम खजुरिया खास स्थित निर्माणाधीन मुख्यमंत्री मॉडल कम्पोजिट विद्यालय तथा राजकीय इंटर कॉलेज सीतापुर में बन रहे इंडोर मिनी स्टेडियम का निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यदायी संस्थाओं को सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय में गुणवत्ता के साथ पूर्ण करने तथा लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।
इन बैठकों एवं निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी समेत संबंधित विभागों के अधिकारी व कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

