सीतापुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 6 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति कुर्क
धारा लक्ष्य समाचार
सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद
Bombitex/Bmaxx क्रिप्टो एक्सचेंज ऐप के नाम पर करोड़ों की धोखाधड़ी का भंडाफोड़ करते हुए सीतापुर पुलिस ने 6 करोड़ से अधिक की अवैध संपत्ति कुर्क कर ली है। साइबर सेल, स्वाट और कोतवाली नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई की।
15% मासिक ब्याज और 350% रिटर्न का लालच देकर किया गया निवेशक ठगी
आरोपियों ने निवेशकों को 15% महीने का ब्याज और 350% तक रिटर्न का प्रलोभन देकर बड़ा नेटवर्क खड़ा किया। शुरू में थोड़ा लाभ देकर भरोसा बनाया गया और बाद में भुगतान बंद कर दिया गया।
दुबई–उन्नाव–लखनऊ में करोड़ों की संपत्तियाँ जब्त
जांच में पता चला कि ठगी की रकम से दुबई में 7 करोड़ का फ्लैट, उन्नाव में 4 करोड़ की जमीन, लखनऊ में 30 लाख का प्लॉट और 30 लाख की मर्सिडीज कार खरीदी गई थी। कोर्ट के आदेश पर उन्नाव व लखनऊ की लगभग 3.30 करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली गई है।
मुख्य आरोपी जय प्रकाश मौर्य परिवार सहित दुबई फरार
पुलिस ने देवेन्द्र मौर्य और दीपक यादव को गिरफ्तार किया है, जबकि मुख्य आरोपी जय प्रकाश मौर्य, दयाशंकर मौर्य व परिवार के अन्य सदस्य दुबई भाग चुके हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी कर दिया है।
107 BNSS के तहत पीड़ितों को 60 दिनों में मिलेगा मुआवजा
कुर्क की गई संपत्ति को नए कानून 107 BNSS के तहत 60 दिनों के भीतर पीड़ितों में अनुपातिक रूप से बाँटा जाएगा। साथ ही 20 बैंक खातों में जमा राशि और बीमा पॉलिसियाँ भी सीज कर दी गई हैं।
AZEROP टोकन स्कीम से भी करोड़ों की ठगी, पैसा हवाला से बाहर भेजा गया
आरोपियों ने BMAXREALITY योजना और AZEROP वेबसाइट के जरिए 315 रुपये प्रति टोकन की स्कीम चलाई और लॉक-इन अवधि पूरी होने से पहले ही दुबई भाग गए। वेबसाइट पर दिखाया जा रहा पैसा केवल आंकड़ा था, असली धन हवाला से बाहर भेजा जाता था।
पुलिस की अपील: गारंटेड रिटर्न स्कीम से बचें, ठगी होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें
जनता को चेतावनी देते हुए पुलिस ने कहा कि किसी भी गारंटेड रिटर्न, संदिग्ध ऐप या अनरेगुलेटेड प्लेटफॉर्म में निवेश न करें। किसी साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।

