धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ जनपद अमेठी का 14वां जनपदीय सम्मेलन 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को जिला मंत्री जयप्रकाश द्विवेदी के विद्यालय रणन्जय इंटर कॉलेज ठेंगहा में आयोजित किया जाएगा। जनपद अमेठी के गठन के 15 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित इस सम्मेलन को लेकर शिक्षकों में उत्साह देखा जा रहा है।
कोरोना काल को छोड़कर संगठन द्वारा प्रतिवर्ष सम्मेलन आयोजित किया जाता रहा है, जिसमें शिक्षक बड़ी संख्या में सहभागिता करते आए हैं।
सम्मेलन का उद्घाटन प्रातः 10:00 बजे जनप्रिय शिक्षक विधायक एवं नेता शिक्षक दल विधान परिषद उत्तर प्रदेश ध्रुव कुमार मिश्र द्वारा किया जाएगा। सम्मेलन के मुख्य अतिथि संगठन के प्रदेशीय अध्यक्ष एवं पूर्व शिक्षक विधायक सुरेश कुमार मिश्र होंगे।
इसके अतिरिक्त प्रदेशीय महामंत्री नरेंद्र कुमार वर्मा, प्रदेशीय उपाध्यक्ष रामेश्वर उपाध्याय, मंडलीय अध्यक्ष राम अनुज तिवारी सहित संगठन के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी सम्मेलन को संबोधित करेंगे।
सम्मेलन का उद्देश्य संगठन के पूरे सत्र के कार्यों, उपलब्धियों एवं आगामी योजनाओं से शिक्षकों को अवगत कराना तथा प्रदेशीय नेतृत्व के विचारों से शिक्षकों को लाभान्वित करना है। इस अवसर पर संगठन के उन अग्रज नेताओं को भी स्मरण किया जाएगा, जिन्होंने कठिन संघर्षों के माध्यम से शिक्षक समाज को शून्य से शिखर तक पहुंचाया। स्वर्गीय ओम प्रकाश शर्मा, स्वर्गीय पंचानन राय एवं स्वर्गीय मांधाता सिंह के योगदान को संगठन कभी नहीं भूल सकता।
संगठन ने कहा कि वर्तमान में माननीय ध्रुव कुमार मिश्र सदन से लेकर सड़क तक शिक्षक हितों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, जिसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। संगठन ने उनके प्रति आभार व्यक्त करते हुए आगामी चुनाव में उन्हें पुनः विधान परिषद भेजने के लिए एकजुट होकर समर्थन देने का संकल्प लिया है।
चतुर्दश जनपदीय सम्मेलन, शैक्षिक विचार गोष्ठी एवं सेवानिवृत्त शिक्षक सम्मान समारोह में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के लिए जिला विद्यालय निरीक्षक अमेठी द्वारा 30 व 31 दिसंबर 2025 को विशेष अवकाश स्वीकृत किया गया है।
संगठन के अध्यक्ष शिव भूषण उपाध्याय, जिला मंत्री जयप्रकाश द्विवेदी, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र प्रसाद मिश्र, आय-व्यय निरीक्षक जोगेश्वर दिवाकर एवं सम्मेलन संयोजक मनोज कुमार द्विवेदी सहित समस्त पदाधिकारियों ने जनपद के सभी शिक्षकों से समय पर उपस्थित होकर शत-प्रतिशत सहभागिता के साथ सम्मेलन को सफल बनाने की अपील की है।

