धारा लक्ष्य समाचार पत्र
एसआईआर में पिता का नाम संशोधन कराने के बहाने अपहरण, हैदरगढ़ टोल प्लाजा के कमरे में बनाया गया था बंधक
शिवरतनगंज/अमेठी। जनपद के शिवरतनगंज थाना क्षेत्र के पूरे बैसन मजरे जैतपुर निवासी एक किशोर को एसआईआर (मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण) में पिता का नाम संशोधन कराने के बहाने अगवा कर लिया गया। बदमाश किशोर को जिले से सटे बाराबंकी जनपद के हैदरगढ़ क्षेत्र में बारा स्थित टोल प्लाजा के पास एक कमरे में बंधक बनाकर रखे हुए थे। मौका पाकर किशोर छत से कूदकर भाग निकला और अपनी जान बचाई।
पीड़ित किशोर के चाचा राकेश पांडेय के अनुसार, उनके भाई दिल्ली में निजी काम करते हैं। शनिवार दोपहर करीब 12:50 बजे दो अज्ञात युवक उनके घर पहुंचे और एसआईआर फॉर्म अधूरा होने व निरस्त होने की बात कही। उन्होंने फॉर्म ठीक कराने के लिए चलने को कहा। घर की बेटी ने जाने से इनकार कर दिया, इसके बाद बेटे हर्ष पांडेय उर्फ कार्तिक पांडेय से बातचीत कराई गई। पिता के कहने पर कार्तिक उन लोगों के साथ गांव के बरात घर तक गया।
वहां आरोपियों ने फॉर्म खत्म होने की बात कहकर हैदरगढ़ में मिलने का बहाना बनाया और कार से उसे साथ ले गए। हैदरगढ़ के आगे बारा टोल प्लाजा स्थित एक कमरे में ले जाकर दरवाजा बंद कर दिया गया। कुछ देर बाद एक आरोपी चला गया जबकि दूसरा युवक किशोर को बंधक बनाकर वहीं रुका रहा।
काफी समय बाद पेशाब जाने के बहाने किशोर को छत पर जाने दिया गया। इसी दौरान वह दीवार फांदकर नीचे कूद गया और पास की दुकानों पर मौजूद लोगों को अपनी आपबीती बताई। साथ ही परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी।
किशोर की सूचना पर दुकानदारों और ग्रामीणों ने कमरे में मौजूद युवक को पकड़ लिया। पकड़े गए युवक ने अपनी पहचान इन्हौना थाना क्षेत्र के फरीदगढ़ मजरे आजादपुर निवासी मो. नुरैन के रूप में बताई और कहा कि वह पड़ोसी के कहने पर किशोर को यहां लाया था।
ग्रामीणों की सूचना पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हैदरगढ़ कोतवाली ले गई। हैदरगढ़ कोतवाल अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। एक आरोपी को हिरासत में लिया गया है, जबकि अन्य की तलाश जारी है। मामले की गहन जांच की जा रही है।
इस दौरान कोतवाली परिसर में अमेठी जनपद के शिवरतनगंज थाना प्रभारी दयाशंकर मिश्रा भी मौजूद रहे।

