आईयूसीटीई में उच्च शिक्षा में पेडागॉजी पर कार्यशाला का दूसरा दिन संपन्न।
वाराणसी अंतर विश्वविद्यालय अध्यापक शिक्षा केंद्र (आईयूसीटीई) में आयोजित पाँच दिवसीय कार्यशाला “ट्रांसफॉर्मिंग पेडागॉजी इन हायर एजुकेशन” के दूसरे दिन विभिन्न विषयों पर विशेषज्ञों ने अपने विचार साझा किए।
प्रथम सत्र में प्रो. सी. बी. शर्मा, कुलपति, विनोबा भावे विश्वविद्यालय ने “पेडागॉजिकल इनोवेशन इन ह्यूमैनिटीज़” विषय पर व्याख्यान देते हुए कहा कि मानविकी शिक्षण में आलोचनात्मक चिंतन और वास्तविक जीवन से जुड़ी अध्ययन पद्धति को अपनाना आवश्यक है। उन्होंने शिक्षकों को नवाचारपूर्ण शिक्षण विधियाँ अपनाने तथा विश्वविद्यालयों में स्वायत्तता और उत्तरदायित्व का संतुलन विकसित करने पर बल दिया।
द्वितीय सत्र में डॉ. उदय प्रताप सिंह, एचबीटीयू ने गणित में रूपांतरित शिक्षण पद्धतियों की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और उदाहरणों के माध्यम से नवाचारी शिक्षण रणनीतियाँ प्रस्तुत कीं।
अंतिम सत्रों में प्रतिभागियों ने विषयवार समूहों में सामाजिक विज्ञान, गणित, विज्ञान, मानविकी एवं प्रबंधन के लिए मॉड्यूल रूपरेखा तैयार की। कार्यक्रम में बिहार, दिल्ली, गुजरात, झारखंड और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से 40 से अधिक प्रतिभागी भाग ले रहे हैं। आयोजन का संयोजन आईयूसीटीई के संकाय सदस्यों द्वारा किया जा रहा है।

