धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। अमेठी में चल रहे एक पैरामेडिकल कॉलेज की जांच के लिए आज मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह और उपजिलाधिकारी आशीष सिंह ने संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कॉलेज में कई खामियां पाई गईं, जो स्वास्थ्य विभाग के द्वारा निर्धारित मानकों के विपरीत थीं। जांच टीम को कॉलेज में पर्याप्त संसाधनों, योग्य स्टाफ और जरूरी बुनियादी सुविधाओं की कमी नजर आई।
इसी दौरान अमेठी में संचालित एक पैथोलॉजी लैब की भी जांच की गई, जिसे बिना आवश्यक मानकों और अनुमति के संचालित किया जा रहा था। जिसपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि बिना पंजीकरण और तकनीकी योग्यता के अभाव में ऐसे संस्थानों का संचालन गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे सभी संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जो पैरामेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर नियमों की अनदेखी कर रहे हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ अंशुमान सिंह ने यह भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग अब नियमित जांच अभियान चलाकर ऐसे फर्जी या मानकों से परे संस्थानों पर निगरानी रखेगा। आम जनता से भी अपील की गई है कि वे सिर्फ अधिकृत और मान्यता प्राप्त संस्थानों से ही चिकित्सा सेवा लें।
स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन पूरी सख्ती के साथ कार्रवाई करने को तैयार है।

