शंकरपुरवा व शुकुलपुरवा तटबंधों के निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर जोर — महमूदाबाद सीएचसी में अव्यवस्था पर दो कर्मचारियों का वेतन काटने के आदेश
धारा लक्ष्य समाचार — शफीक अहमद की रिपोर्ट
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शनिवार को विकास खंड रामपुर मथुरा के ग्राम शंकरपुरवा व शुकुलपुरवा स्थित तटबंधों का निरीक्षण किया। अधिशासी अभियंता सिंचाई विभाग ने बताया कि तटबंध पर तीन स्पर निर्माण की परियोजना चल रही है, जिसका 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है और शेष कार्य माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने कार्य की गुणवत्ता व समयबद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए।
उन्होंने ग्रामीणों के अनुरोध पर तटबंध के अंदर बसे परिवारों के पुनर्वास हेतु उपजिलाधिकारी महमूदाबाद, क्षेत्राधिकारी महमूदाबाद तथा अधिशासी अभियंता बाढ़ खंड की संयुक्त समिति गठित कर एक माह में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी बालकृष्ण सिंह, अधिशासी अभियंता विशाल पोरवाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इसी क्रम में जिलाधिकारी ने महमूदाबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण किया, जहां अव्यवस्था और लापरवाही पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। निरीक्षण में चिकित्साधिकारी (डेंटिस्ट) डॉ. नीतू का एक दिन का वेतन और बीपीएम अंजली सिंह का 15 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए। डीएम ने इमरजेंसी, ओपीडी, महिला वार्ड, लेबर रूम, पैथोलॉजी व आयुष्मान वार्ड का निरीक्षण करते हुए कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, स्वच्छ वातावरण और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि पैथोलॉजी रिपोर्ट का समय स्पष्ट प्रदर्शित किया जाए, बेडशीट नियमित बदली जाएं और जन्म प्रमाणपत्र डिस्चार्ज के समय ही परिवारजनों को प्रदान किए जाएं। डीएम ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनहित से जुड़े कार्यों में गुणवत्ता सर्वोपरि होनी चाहिए।

