धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के विकास खंड संग्रामपुर क्षेत्र के पूर्व माध्यमिक विद्यालय पुन्नपुर में सैकड़ो आवारा पशुओं को विद्यालय की चार दीवारी के अन्दर कैद किया गया है। जिसमें गाय और गोवंश शामिल हैं।
प्रधानाध्यापक उदय प्रताप सिंह ने बताया कि ब्लॉक विभाग के कर्मचारियों द्वारा क्षेत्र में सड़कों पर टहल रहे आवारा पशुओं को पकड़ कर विद्यालय में रोका गया है। इन सभी आवारा पशुओं को नजदीकी गौशाला में संरक्षित किया जाएगा।
पुन्नपुर ग्राम सभा के ग्रामीणों ने आवारा पशु को लेकर प्रशासन से गुहार लगाई थी। ग्रामीणों को राहत देने के लिए सड़कों पर टहल रहे आवारा पशुओं को परिषदीय विद्यालय पुन्नपुर की चार दीवारी में सुरक्षित रखा गया है।
खंड शिक्षा अधिकारी संग्रामपुर से जानकारी ली गई तो उन्होंने बताया की जांच करा रहे हैं। खंड विकास अधिकारी संग्रामपुर ने फोन पर जानकारी दीं की सभी आवारा पशुओं को इंटौरी गौशाला में संरक्षित कराया जाएगा।
फिलहाल संग्रामपुर के सभी सीमावर्ती गांवों के ग्रामीण आवारा पशुओं से परेशान हैं। संग्रामपुर क्षेत्र के डेवणसा, कन्नपुर, पूरे रामा चौहान, नेवादा कनू, धौरहरा, भावलपुर, बनवीरपुर, मड़ौली आदि गांव के किसान आवारा पशुओं से परेशान हैं।
संग्रामपुर क्षेत्र में 10 अस्थाई गौशाला व एक स्थाई गौशाला है लेकिन क्षेत्र के किसानों को कोई लाभ नहीं मिल पा रहा है। किसानों को अपनी फसल बचाने के लिए विभिन्न प्रकार के उपाय करने पड़ रहे है, इसके बावजूद भी किसान अपनी लहलहाती फसल बचाने में नाकाम हो रहा है। फिलहाल आवारा पशुओं की वजह से विद्यालय में गोबर ही गोबर दिखाई पड़ रहा है।

