Raybareli UP: गदागंज–दीन शाह गौरा मार्ग बदहाल: गढ्ढे में फंसा ट्रक क्या प्रशासन किसी बड़ी दुर्घटना का इंतज़ार कर रहा?

जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

गदागंज।रायबरेली जनपद के ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोड डंपरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। गदागंज से दीन शाह गौरा को जोड़ने वाली यह महत्वपूर्ण सड़क भारी वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। मार्ग की हालत इतनी गंभीर हो चुकी है कि इस पर गुजरने वाले आम लोगों की जान हर पल जोखिम में बनी रहती है।

सड़क पर जगह-जगह पड़े गहरे गड्ढों के कारण आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं, वहीं चारपहिया वाहन भी टूट-फूट की मार झेल रहे हैं। स्थानीय निवासियों ने बताया कि ओवरलोड डंपरों की अनियंत्रित आवाजाही ने सड़क को खड्डों में तब्दील कर दिया है,

जिससे हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं।ग्रामीणों के अनुसार बीती रात दो डंपर सड़क पर बने गहरे गड्ढे में फँसकर अनियंत्रित हो गए। इसी दौरान सड़क किनारे स्थित एक बिजली का खंभा भी टूट गया। सौभाग्य से कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ, अन्यथा क्षेत्र में गंभीर दुर्घटना हो सकती थी।

खस्ताहाल सड़क ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा पर भी बड़ा प्रश्नचिह्न खड़ा कर दिया है। कई बार स्कूल वैन और ऑटो गड्ढों में फँसकर क्षतिग्रस्त हो चुके हैं, जिससे अभिभावकों में गहरी चिंता व्याप्त है।ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने कई बार सड़क की खराब हालत और ओवरलोडिंग की शिकायत संबंधित विभागों को की, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।

लोगों का यह भी कहना है कि क्षेत्र के जनप्रतिनिधि—सांसद राहुल गांधी और विधायक मनोज कुमार पांडेय—की मौजूदगी के बावजूद सड़क मरम्मत कार्य शुरू न होना बेहद निराशाजनक है, जिससे जनता में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही ओवरलोड डंपरों पर रोक नहीं लगाई गई और सड़क के पुनर्निर्माण की प्रक्रिया शुरू नहीं हुई, तो वे आंदोलन का रास्ता अपनाने को मजबूर होंगे। उनकी मांग है कि सड़क का तत्काल नवीनीकरण कराया जाए और ओवरलोड वाहनों पर सख्त कार्रवाई करते हुए क्षेत्र में दुर्घटनाओं के खतरे को समाप्त किया जाए।

Related posts