जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली पूर्व कैबिनेट मंत्री और बहुजन नेता स्वामी प्रसाद मौर्य पर हमले के बाद से जिले का माहौल लगातार तनावपूर्ण है। ताजा मामला सलोन कोतवाली क्षेत्र के मटका गांव का है, जहां हिस्ट्रीशीटर आशीष तिवारी ने सोशल मीडिया पर मौर्य समाज और सम्राट अशोक के वंशजों को गाली देते हुए विवादित पोस्ट डाल दी। पोस्ट वायरल होते ही मौर्य समाज और भीम युवा संगठन के सैकड़ों लोग सड़क पर उतर आए।
देखते ही देखते गोरा बाजार से कलेक्ट्रेट तक भीड़ उमड़ पड़ी। हालात बेकाबू होते देख प्रशासन ने जिला मुख्यालय को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया।सिविल लाइन इलाके में पुलिस ने बड़ी मशक्कत के बाद प्रदर्शनकारियों को रोका। आक्रोशित भीड़ ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। दबाव बढ़ता देख अपर पुलिस अधीक्षक ने 24 घंटे में गिरफ्तारी का आश्वासन दिया, जिसके बाद स्थिति संभली।
हालांकि कई घंटों तक पूरे शहर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। कलेक्ट्रेट, विकास भवन और एसपी दफ्तर पूरी तरह पुलिस घेरे में रहे। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि आरोपी की गिरफ्तारी जल्द नहीं हुई तो आंदोलन की आग लखनऊ तक ले जाई जाएगी।

