Amethi UP : संयुक्त जिला अस्पताल गौरीगंज मे साफ-सफाई की बदहाल व्यवस्था का जिम्मेदार कौन? 

अस्पताल में आने वाले मरीजों और तीमारदारों को भारी दुर्गंध और असुविधा का करना पड़ रहा है सामना। 

जिला ब्यूरो चीफ – रवि द्विवेदी रिंकू 

गौरीगंज/अमेठी। प्रसिद्ध सूफी कवि मलिक मोहम्मद जायसी की धरती गौरीगंज में स्थित *संयुक्त जिला चिकित्सालय* इन दिनों गंदगी के अंबार से जूझ रहा है। अस्पताल परिसर में चारों ओर पान, गुटखा खाकर थूका गया है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को भारी दुर्गंध और असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।

मुख्य भवन से लेकर वार्डों और शौचालयों तक में सफाई व्यवस्था चरमराई हुई है। अस्पताल के गलियारे, सीढ़ियाँ और दीवारें पान की पीकों से सनी हैं, जिससे न केवल अस्पताल की छवि धूमिल हो रही है, बल्कि संक्रमण फैलने का भी खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों और मरीजों का कहना है कि सफाई कर्मचारी कभी-कभार ही दिखते हैं। “सफाई के नाम पर केवल दिखावा किया जा रहा है, जबकि ज़मीनी हालात बिल्कुल अलग हैं,” एक मरीज के परिजन ने नाराजगी जताते हुए कहा।

गौरतलब है कि सरकार द्वारा अस्पतालों में स्वच्छता को लेकर सख्त दिशा-निर्देश दिए गए हैं, बावजूद इसके गौरीगंज का यह प्रमुख चिकित्सालय अव्यवस्था का शिकार है।

मूलभूत सुविधाओं के अभाव और सफाई की अनदेखी से मरीजों की जान जोखिम में पड़ रही है। जिले के स्वास्थ्य विभाग और प्रशासन को तत्काल संज्ञान लेते हुए सफाई व्यवस्था दुरुस्त करनी चाहिए, ताकि जायसी की धरती की गरिमा बनी रहे और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

Related posts