जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत बछरावां महाराजगंज मार्ग पर स्थित सुल्तानपुर गांव दुर्घटना का केंद्र बिंदु बनता जा रहा है। बुधवार को भी इसी केंद्र बिंदु पर एक बड़ी दुर्घटना घटित होने से बच गई। जिसमें गनीमत यह रही कि किसी प्रकार की जनहानि या अप्रिय घटना नहीं घटित हुई।
जानकारी के अनुसार आपको बताते चले की घायल कार सवार दंपति अंकुर जायसवाल पुत्र बसंतलाल जायसवाल उम्र 42 वर्ष निवासी गोमती नगर जनपद लखनऊ अपनी पत्नी पूजा जायसवाल उम्र 35 वर्ष के साथ कार से बछरावां से महाराजगंज की तरफ जा रहे थे। जैसे ही वह उक्त मार्ग पर सुल्तानपुर गांव के पास पहुंचे वैसे ही सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार से बचने के चक्कर में उनकी कार मार्ग किनारे गहरी खाई में जा गिरी।
कार खाई में जाते देख मौके पर मौजूद ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए और कार में फंसे पति-पत्नी को कड़ी मशक्कत के बाद उन्होंने किसी तरह बाहर निकाला। वही ग्रामीणों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस की सहायता से दोनों दंपति को घायल अवस्था में इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक प्रभात मिश्रा के द्वारा उनका प्राथमिक उपचार के पश्चात महिला की हालत को गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
फिलहाल ग्रामीणों का कहना है कि उक्त स्थान दुर्घटना का केंद्र बिंदु बनता चला जा रहा है। लोक निर्माण विभाग को इस स्थान पर संकेतक या डिवाइडर बनाने की आवश्यकता है। ताकि राहगीरों को दुर्घटना से बचाया जा सके। क्योंकि विगत 6 माह पूर्व इसी स्थान पर एक बोलेरो और ट्रैक्टर की भिडंत में कई लोगों की जान जा चुकी है।
वैसे तो उक्त स्थान पर दर्जनों सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोग मौत के मुंह में समा चुके हैं। घायल दंपति के द्वारा बताया गया कि घटना के समय सीट बेल्ट लगे होने की वजह से कार के एयरबैग खुल गए थे, नहीं तो बड़ी घटना हो सकती थी।

