Lucknow UP: जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को एक कैदी चपरासी से कहासुनी के बाद हुई धक्का-मुक्की में यहां लगी चोटें आई हैं

धारा लक्ष्य समाचार लखनऊ

======== लखनऊ जेल में बंद पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति को एक कैदी चपरासी से कहासुनी के बाद हुई धक्का-मुक्की में चोटें आई हैं। डीजी जेल पीसी मीणा ने हमले की बात से इनकार किया है। यह घटना बुधवार शाम करीब 6 बजे जेल के अस्पताल में हुई।

डीजी जेल पीसी मीणा के अनुसार, प्रजापति जेल के अस्पताल में भर्ती थे, जहां उनकी एक कैदी चपरासी से कहासुनी हो गई। इस कहासुनी के बाद धक्का-मुक्की हुई, जिसमें प्रजापति को हल्की चोटें आईं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह कोई हमला नहीं था।

हालांकि, शुरुआती जानकारी में बताया गया था कि प्रजापति पर कैंची से कई वार किए गए थे, जिससे उनके शरीर पर जख्म हो गए। उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनके सिर में 10 से ज्यादा टांके लगने की बात सामने आई थी। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

समाजवादी पार्टी के पूर्व मंत्री गायत्री प्रसाद प्रजापति लंबे समय से लखनऊ की जेल में बंद हैं। वह गैंगरेप के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

इस घटना की खबर फैलने के बाद समाजवादी पार्टी ने चिंता जताई। सपा प्रवक्ता फखरुल हसन चांद ने एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि जेल में बंद पूर्व मंत्री पर हमले की खबर चिंताजनक है और जेल प्रशासन को समुचित इलाज उपलब्ध कराना चाहिए। उन्होंने अखिलेश यादव को भी टैग किया।

Related posts