पड़रिया तुला गाँव में मुख्य सड़क पर भरा पानी, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

 

 

धारा लक्ष्य समाचार प्रेमबहादुर यादव 

बिजुआ (खीरी)। विकास खण्ड बिजुआ क्षेत्र के गांव पड़रिया तुला में जल निकासी की व्यवस्था न होने से मुख्य सड़क पर जलभराव की स्थिति लंबे समय से बनी हुई है।

ग्रामीणों का सड़क से निकलना दुश्वार हो गया है। इसको लेकर प्रधान को कई बार अवगत कराया गया, मगर किसी ने इस ओर ध्यान नहीं दिया। बृहस्पतिवार को आक्रोशित ग्रामीणों ने जिम्मेदारों के खिलाफ प्रदर्शन कर शीघ्र जल निकासी के लिए नाली एवं अधूरी पड़ी सड़क का पूर्ण निर्माण कराने की मांग की।

 

    सड़कों पर भरा पानी ग्रामीण आहत

गांव के मोबीन अंसारी ने बताया कि सड़क पर जलभराव होने के कारण इधर से गुजरने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। आए दिन कीचड़ के छींटे दूर तक जाते हैं, जिससे लोगों के कपड़े भी खराब हो जाते हैं। नाली का पानी सड़क पर हर समय भरा रहता है। उन्होंने बताया कि सड़क पर जलभराव की समस्या गंभीर हो चुकी है। कई बार प्रधान से भी शिकायत की, लेकिन किसी ने भी समस्या का निदान कराने के लिए ठोस कदम नहीं उठाया, जिससे समस्या बढ़ गई है।

गांव के विवेक कुमार का कहना है कि सड़क पर जलभराव देखकर लगता है कि हम आज भी विकास से कोसों दूर हैं। जाने कब इस सड़क का हाल बदलेगा। गांव के नोखे कश्यप के घर के लोगों का घर से निकलना काफी मुश्किल हो गया है। कई वर्षों से कोई उचित जल निकासी न होने के कारण यहां जलभराव की समस्या बनी हुई है। सड़क पर दूषित जलभराव के कारण गांव में संक्रामक रोगों के फैलने का खतरा है।

इस मौके पर मोबीन अंसारी, विवेक कुमार, सदाकत अंसारी, इस्लाम,पवन गुप्ता सहित गाँव के दर्जनों लोग मौजूद रहे। इधर, ग्राम प्रधान पप्पू राज ने बताया कि उक्त अधूरी सड़क पहले से पास है जल्द ही सड़क व नाली को लेकर विभागीय अधिकारियों के माध्यम से कार्य करवाया जाएगा।

Related posts