हुआ रावण दहन, असत्य पर सत्य की जीत का मनाया गया जश्न
मुख्य अतिथि के रूप राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या रही मौजूद।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जिले में विजयादशमी का पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। गुरुवार को अमेठी रामलीला मैदान में परंपरागत तरीके से रावण, मेघनाथ और कुंभकर्ण के पुतलों का दहन किया गया। इस मौके पर हजारों की संख्या में लोग एकत्रित हुए और उन्होंने रामलीला मंचन का आनंद लिया। इस दौरान मुख्य अतिथि राज्य महिला आयोग की सदस्य प्रियंका मौर्या और जिला पंचायत अध्यक्ष व राम लीला सिमित के अध्यक्ष राजेश अग्रहरि (राजेश मसाला) भी मौजूद रहे। 
रामलीला समिति के द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, लक्ष्मण और हनुमान के पात्रों ने मंच पर लंका विजय का दृश्य प्रस्तुत किया। जैसे ही रावण वध का मंचन समाप्त हुआ, मैदान में लगे विशालकाय पुतलों में आग लगाई गई। देखते ही देखते आतिशबाज़ी और गगनभेदी धमाकों के बीच रावण धराशायी हो गया और पूरा वातावरण “जय श्रीराम” के उद्घोष से गूंज उठा।
मेले में बच्चों ने जमकर खिलौनों और मिठाइयों की खरीदारी की। झूले, खिलौनों और खाद्य पदार्थों की दुकानों पर दिनभर भीड़ लगी रही। दशहरा मैदान में उत्सव का रंग देर रात तक छाया रहा।
कार्यक्रम के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। जगह-जगह पुलिस बल तैनात रहा ताकि भीड़ में किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।
रामलीला समिति के अध्यक्ष राजेश अग्रहरि ने कहा कि विजयादशमी का पर्व असत्य पर सत्य और अधर्म पर धर्म की विजय का प्रतीक है। रावण दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश जन-जन तक पहुंचाया गया।

