तीन मंजिला इमारत से गिरकर युवक की मौत, परिजनों ने थाने का किया घेराव, कार्रवाही की मांग
अमेठी। अमेठी कस्बे के ककवा रोड स्थित आयुष प्लाईवुड दुकान में बुधवार को काम के दौरान तीन मंजिला इमारत से गिरकर घायल हुए युवक की गुरुवार को इलाज के दौरान मौत हो गई। शुक्रवार सुबह ग़मगीन परिजनों ने शव लेकर अमेठी कोतवाली पहुंचकर दुकान मालिक के खिलाफ कार्रवाही की मांग करते हुए जमकर हंगामा किया और थाने का घेराव कर दिया।
दरअसल मामला देवरी गांव निवासी 35 वर्षीय विनोद पुत्र छेदी का है, जो ककवा रोड पर स्थित एक आयुष प्लाईवुड दुकान में मजदूरी करता था। बुधवार दोपहर करीब एक बजे वह दुकान के ऊपरी हिस्से में काम कर रहा था। इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह अचानक नीचे गिर गया।
हादसे में गंभीर रूप से घायल विनोद को आनन-फानन में अमेठी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया। जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने एम्स रायबरेली रेफर कर दिया। जहां पर इलाज के दौरान गुरुवार दोपहर उसकी मौत हो गई।
मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजन शव लेकर शुक्रवार सुबह अमेठी लौटे और सीधे कोतवाली पहुंचे। यहां उन्होंने दुकान मालिक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाते हुए कार्रवाही की मांग की। परिजनों ने कोतवाली का घेराव किया और नारेबाज़ी भी की।
सूचना पाकर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को शांत कराया। उन्होंने मृतक के परिवार को न्याय दिलाने का भरोसा दिया और कहा कि घटना की जांच की जा रही है, दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाही की जाएगी। इंस्पेक्टर के आश्वासन के बाद परिजन शांत हुए और शव लेकर घर लौट गए। इसके बाद देर शाम गांव में मृतक का अंतिम संस्कार किया गया।
विनोद की मौत से पूरे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी अनीता देवी और चार नाबालिग बेटियाँ — शुभी, अंशिका, खुशी और शिवांशी हैं। पिता की मौत के बाद बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।
घटना की जानकारी पाकर मौके पर ग्रामीण हीरालाल, विश्राम पासी, संतोष कुमार, राम सुमेर और जितेंद्र कुमार सहित कई लोग मौजूद रहे। ग्रामीणों का कहना है कि दुकान में सुरक्षा के कोई उचित इंतज़ाम नहीं थे और मजदूरों से ऊँचाई पर बिना सुरक्षा उपकरणों के काम कराया जाता था।
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए श्रम विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से जांच करें तथा लापरवाही बरतने वाले के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाही की जाएगी।
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर सवाल खड़ा किया है कि स्थानीय स्तर पर छोटे उद्योगों और दुकानों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी आखिर कब तक जारी रहेगी।

