कथा पंडाल को गुब्बारों और फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया
धारा लक्ष्य समाचार
त्रिवेदीगंज बाराबंकी। श्रीमद् भागवत कथा के चौथे दिन कृष्ण की लीलाओं का मंचन और राजा बलि की कथा सुनाई गई। इसमें वामन अवतार का भी दर्शन कराया गया। यह आयोजन बाराबंकी के त्रिवेदीगंज स्थित मोहम्मदपुर में चल रहे सप्ताह ज्ञान यज्ञ के दौरान हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।
कार्यक्रम के लिए कथा पंडाल को गुब्बारों और फूल-मालाओं से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। कथावाचक कन्हैया जी भारद्वाज ने प्रवचन के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं का वर्णन किया।
उन्होंने धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की महत्ता पर विस्तार से व्याख्यान दिया। कन्हैया जी महाराज ने कहा कि जीवन में सही मार्ग पर चलने के लिए संकल्प लेना आवश्यक है। उन्होंने बच्चों को माता-पिता का सम्मान करने की सलाह दी, क्योंकि माता-पिता ही सबसे बड़े भगवान होते हैं।
कन्हैया जी ने बताया कि जिन पर माता-पिता का आशीर्वाद होता है, उन्हें संसार में सब कुछ प्राप्त होता है। उन्होंने सभी माता-पिता से आग्रह किया कि वे अपने बच्चों को भागवत कथा, सत्संग और कीर्तन जैसे धार्मिक आयोजनों में साथ लाएं, ताकि बच्चों में अच्छे संस्कार विकसित हों। उन्होंने भगवान के प्रति अटूट विश्वास रखने पर भी जोर दिया।
इस अवसर पर संतोष सिंह (पूर्व जिला अध्यक्ष भाजपा), शशांक कुशमेश, सुशील पटेल लंबरदार, विवेक वर्मा, अंबर शरण जायसवाल (सेठ), राजेश वर्मा (प्रधान), रूपेन्द्र सिंह, रामेन्द्र मिश्रा, महेंद्र सिंह, भूपेंद्र सिंह, पंकज सिंह, सत्येन्द्र सिंह और राहुल सिंह सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

