Dhara lakshya samachar
बलरामपुर भारत-नेपाल सीमा से सटे सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में दो शिकारियों को गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई 9वीं वाहिनी एसएसबी ‘एफ’ समवाय सीरियानाका द्वारा की गई, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा की सुरक्षा के साथ वन्य जीवों के संरक्षण में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब 6 बजे एसएसबी को मुखबिर से सूचना मिली कि उनके कार्यक्षेत्र में स्थित जंगलों में कुछ संदिग्ध व्यक्ति शिकार करने के उद्देश्य से घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही एसएसबी ने वन विभाग के अधिकारियों से संपर्क साधा और संयुक्त अभियान की योजना बनाई। इसके बाद एसएसबी की क्यूआरटी टीम (QRT) तथा वन विभाग की बारहवां रेंज टीम ने जंगल में सघन पेट्रोलिंग शुरू की।
पेट्रोलिंग के दौरान गश्ती दल को कुछ व्यक्ति जंगल के भीतर संदिग्ध गतिविधि करते दिखाई दिए। संयुक्त दल को देखकर वे शिकारी भागने लगे, किंतु टीम ने घेराबंदी कर दो शिकारियों को सीमा स्तंभ संख्या 607 के पास (जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से लगभग 7.5 किलोमीटर भारत की ओर स्थित है) गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार व्यक्तियों के पास से सूअर का मांस, शिकार में प्रयुक्त औजार, एक मोटरसाइकिल और एक साइकिल बरामद की गई। पूछताछ में उन्होंने अपने अन्य साथियों के फरार होने की जानकारी दी, जिनकी तलाश वन विभाग और एसएसबी द्वारा जारी है।
वन क्षेत्रा अधिकारी बृजेश सिंह प्रमाण ने बताया कि दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है और फरार अन्य छह शिकारियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया है।
गिरफ्तार शिकारियों की पहचान राकेश कुमार पासवान (उम्र 28 वर्ष, निवासी गढ़वा कला, थाना हर्रैया, जिला बलरामपुर) और वंशी (उम्र 30 वर्ष, निवासी किथूरा, थाना कोतवाली देहात, जिला बलरामपुर) के रूप में हुई है।

