धारा लक्ष्य समाचार पत्र
सड़क टूटने से ग्रामीणों और राहगीरों को भारी परेशानी, चेताया—नहीं सुनी गई बात तो करेंगे धरना प्रदर्शन
भेटुआ/अमेठी। भेंटुआ ब्लॉक के गैरीकपुर गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाला संपर्क मार्ग पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुका है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं और पटरियां पूरी तरह टूट चुकी हैं। इससे स्थानीय निवासियों, राहगीरों तथा स्कूली छात्र-छात्राओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
सड़क के किनारों पर बबूल के पेड़ और घनी झाड़ियां उग आई हैं, जो मार्ग को और अधिक जोखिम भरा बना रही हैं। दोनों ओर से झुकी झाड़ियां अक्सर राह चलते लोगों की आंखों में लग जाती हैं।
यह संपर्क मार्ग गैरीकपुर गांव को सुल्तानपुर जाने वाले मुख्य मार्ग से जोड़ता है। बालचंदपुर, अजमेर का पुरवा, दुबे का पुरवा सहित दर्जनों गांवों के सैकड़ों लोग इसी मार्ग से आवागमन करते हैं। छात्र-छात्राओं के साथ-साथ सुल्तानपुर में नौकरी और मजदूरी करने वाले लोग भी इसी रास्ते का उपयोग करते हैं। मार्ग क्षतिग्रस्त होने से एम्बुलेंस जैसी आपातकालीन सेवाओं को भी पहुंचने में भारी कठिनाई होती है।
स्थानीय निवासी अवधेश यादव, जगत सिंह, मोहित तिवारी, बद्री कनौजिया, रामनाथ, विक्की सिंह, तालुकदार सिंह, कुमार यादव, संदीप यादव, सचिन यादव, दिनेश यादव, झल्लर कोरी, रामप्रताप तिवारी, आशीष यादव, राधे, शनि, राजू, रामआसरे प्रजापति, भैयाराम प्रजापति, डॉ. रविशंकर तिवारी, अभी सिंह, मुंशी राजा, सूरज रावत और अमित गुप्ता आदि ने बताया कि वे इस समस्या से कई बार जनप्रतिनिधियों को अवगत करा चुके हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सांसद और विधायक कई बार इस मार्ग से होकर गुजरे हैं, परंतु अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। हर चुनाव में मरम्मत का वादा किया जाता है, लेकिन चुनाव खत्म होते ही सब वादे हवा हो जाते हैं। ग्रामीणों ने बताया कि मार्ग की बदहाली के कारण लोग आए दिन फिसलकर चोटिल हो रहे हैं।
क्षेत्रवासियों ने मांग की है कि इस सड़क का शीघ्र पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि बच्चों, मरीजों और अन्य नागरिकों को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांग पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे धरना प्रदर्शन करने को बाध्य होंगे।

