Amethi UP : बारात घर जर्जर, बना आवारा पशुओं का अड्डा, ग्रामीणों ने प्रशासन से की मरम्मत कराएं जाने की मांग।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

भेटुआ/अमेठी। जनपद के भेंटुआ ब्लॉक अंतर्गत गैरीकपुर ग्रामसभा में स्थित बारात भवन बदहाली का शिकार हो चुका है। वर्ष 2010 में पूर्वांचल विकास निधि (जिलांश) योजना के अंतर्गत निर्मित यह भवन अब पूरी तरह जर्जर हो गया है और जंगली जानवरों व आवारा पशुओं का अड्डा बन गया है। इससे ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, इस बारात घर का निर्माण 16 अगस्त 2010 को किया गया था, जिसका उद्घाटन तत्कालीन विधायक रानी अमिता सिंह ने किया था। भवन का निर्माण कार्य ग्रामीण अभियन्त्रण सेवा, सुल्तानपुर द्वारा संपन्न कराया गया था।

वर्तमान में भवन की हालत अत्यंत खराब है — दरवाजे टूट चुके हैं, दीवारों का पलस्तर झड़ गया है, फर्श उखड़ चुकी है, और कमरों के अंदर गंदगी के साथ घास-फूस उग आई है। बाहर की दीवारों पर जंगली झाड़ियां छत तक फैल चुकी हैं।

ग्रामीणों ने बताया कि कुछ वर्ष तक इस भवन का उपयोग शादी समारोहों और सामाजिक कार्यक्रमों के लिए किया जाता था, लेकिन सरकारी लापरवाही के चलते धीरे-धीरे इसकी देखरेख बंद हो गई। अब यह भवन पूरी तरह अनुपयोगी हो चुका है और किसी भी समय हादसे की आशंका बनी रहती है।

स्थानीय निवासी रघुराज तिवारी, ओमप्रकाश तिवारी, कुलदीप तिवारी, राजू, राकेश, लोचन, राधेश्याम यादव, विवेक सिंह, शिवराज सिंह, रामभवन कश्यप, सालिकराम गुप्ता, जयराम सहित अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से भवन की तत्काल मरम्मत कराए जाने की मांग की है ताकि गांव के लोगों को फिर से इसका लाभ मिल सके।

Related posts