Sitapur Uttar Pradesh: जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. का औचक निरीक्षण, तहसील सिधौली व औद्योगिक क्षेत्रों की व्यवस्थाओं की समीक्षा

कब्जा संबंधी वादों के शीघ्र निस्तारण व जनसुनवाई नियमित रखने के निर्देश

उद्यमियों की समस्याओं के समाधान व सीएफसी संचालन की कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश

धारा लक्ष्य समाचार 

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट 

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने मंगलवार को तहसील सिधौली, जिला उद्योग केन्द्र व औद्योगिक आस्थान सीतापुर का औचक निरीक्षण कर कार्यप्रणाली व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। तहसील सिधौली में उन्होंने फौजदारी कक्ष, अभिलेखागार, संग्रह अनुभाग सहित विभिन्न पटलों का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को कब्जा संबंधी लंबित वादों का शीघ्र निस्तारण करने, अनावश्यक विलंब से बचने तथा आईजीआरएस पोर्टल पर दर्ज शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने उपजिलाधिकारी व तहसीलदार को न्यायालय में नियमित बैठने व जनसुनवाई निरंतर करने पर बल देते हुए कार्यालयों में साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान उपजिलाधिकारी राखी वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

इसके पश्चात जिलाधिकारी ने जिला उद्योग केन्द्र एवं औद्योगिक आस्थान सीतापुर का औचक निरीक्षण किया, जहां उद्यमियों ने औद्योगिक क्षेत्र में जल निकासी की समस्या से अवगत कराया। सेठिया मिल के प्रबंधक सुधीर मेहरोत्रा द्वारा बिजवार रेलवे क्रॉसिंग ओवरब्रिज के दोनों ओर सर्विस रोड चौड़ा करने की मांग पर जिलाधिकारी ने स्वयं मौके का निरीक्षण कर सेतु निगम व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली।

उन्होंने बिसवां स्थित “एक जनपद एक उत्पाद” (ODOP) योजना अंतर्गत कॉमन फैसिलिटी सेंटर (CFC) का भी निरीक्षण करते हुए डिस्प्ले सेंटर, प्रोसेसिंग यूनिट, रॉ मटेरियल बैंक व डिजाइन-सैंपलिंग सेंटर का अवलोकन किया तथा ODOP कंसल्टेंट को ठोस कार्ययोजना शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपायुक्त उद्योग संजय सिंह, विवेक गुप्ता, रफीक अहमद, शुभम (जोनल कंसल्टेंट) सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं उद्यमी मौजूद रहे।

Related posts