Sitapur Uttar Pradesh: सीतापुर पुलिस का सराहनीय कार्य नैमिषारण्य थाने ने छह खोए मोबाइल बरामद कर स्वामियों को लौटाए

धारा लक्ष्य समाचार सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के निर्देशन में खोए व लावारिस मोबाइल फोन की बरामदगी हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत थाना नैमिषारण्य पुलिस ने उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) व क्षेत्राधिकारी मिश्रिख के पर्यवेक्षण में चलाए गए अभियान के दौरान पुलिस ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों के आधार पर छह मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सुपुर्द किए।

बरामद मोबाइलों में राजस्थान के नागौर निवासी महावीर प्रसाद, हरदोई की उर्मिला देवी, सीतापुर के अखिलेश कुमार, चन्द्रपाल, पप्पू और द्वारिका यादव के फोन शामिल हैं, जिनकी कीमत ₹13,000 से ₹18,000 के बीच बताई गई है। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि नागरिक CEIR पोर्टल के माध्यम से अपने खोए मोबाइल की शिकायत दर्ज कर आसानी से बरामदगी सुनिश्चित करा सकते हैं। थाना नैमिषारण्य पुलिस की इस कार्यवाही से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और सम्मान की भावना और प्रगाढ़ हुई है।

Related posts