Sitapur Uttar Pradesh: सीतापुर में तेज रफ्तार पर नकेल: 20 दिन में 359 चालान, 8.68 लाख वसूली

हाईटेक स्पीड गन से यातायात पुलिस हुई और सख़्त, सड़क सुरक्षा अभियान तेज।

धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाने के लिए यातायात पुलिस अब हाईटेक तकनीक का उपयोग कर रही है। एसपी सीतापुर अंकुर अग्रवाल की पहल पर यातायात निरीक्षक फरीद अहमद द्वारा अत्याधुनिक लेजर स्पीड टेस्ट गन को यातायात व्यवस्था में शामिल किया गया है। बड़े शहरों में उपयोग होने वाली यह तकनीक अब सीतापुर की सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद करेगी।

स्पीड गन के ट्रायल के दौरान मुख्य मार्गों पर गुजरने वाले वाहनों की गति मापी गई और निर्धारित गति सीमा का उल्लंघन करने वालों पर तत्काल कार्रवाई की गई। यातायात निरीक्षक के अनुसार तेज रफ्तार सड़क हादसों का प्रमुख कारण है और यह तकनीक दुर्घटनाओं को रोकने में बेहद कारगर साबित होगी।

पहले ही 20 दिनों में स्पीड गन का असर साफ दिखा है। पुलिस ने 359 चालान जारी करते हुए कुल 8.68 लाख रुपये का जुर्माना वसूला है। यह आंकड़ा बताता है कि शहर में तेज रफ्तार वाहन चालकों की कमी नहीं है, लेकिन अब तकनीक की मदद से उन पर प्रभावी रोक लगाई जा रही है।

यातायात पुलिस ने ऐसे हॉटस्पॉट पॉइंट भी चिन्हित किए हैं जहां पर अक्सर गति सीमा का उल्लंघन देखा जाता है। इन स्थानों पर दिन-रात स्पीड गन से सतत चेकिंग अभियान चलेगा।

एसपी अंकुर अग्रवाल ने कहा कि सड़क सुरक्षा विभाग की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नई तकनीक से दुर्घटनाओं में कमी आएगी और यातायात व्यवस्था और अधिक सुचारू होगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं और अपने व दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करें।

Related posts