धारा लक्ष्य समाचार पत्र
दिमागी बुखार से पीड़ित थी महिला मरीज, बड़े बड़े अस्पतालों के चक्कर काटने के बाद भी नही मिला था आराम।
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के थाना संग्रामपुर क्षेत्र के पूरे पर्वत मजरे कंसापुर निवासी चांदनी (42) पत्नी अनिल कुमार को मंगलवार को 12 दिनों बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर से सकुशल डिस्चार्ज कर दिया गया। दिमागी बुखार से पीड़ित चांदनी को बीते 11 नवंबर को प्राथमिक उपचार के लिए केंद्र में भर्ती किया गया था।
स्थिति गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल से रायबरेली ट्रॉमा सेंटर तथा वहां से लखनऊ रेफर किया गया था, लेकिन कहीं भी उचित उपचार न मिलने पर परिजन परेशान हो गये।
परेशानी बढ़ने पर पति अनिल कुमार चांदनी को दोबारा थक हार कर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ले आए। जहां केंद्र प्रभारी डॉ. संतोष सिंह ने मरीज को भर्ती कर लिया और लगातार जांच व उपचार शुरू किया।
जहां पर 12 दिनों तक नियमित देखभाल और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के चलते चांदनी की हालत में तेजी से सुधार आया और शनिवार को वह अपने पैरों पर चलकर घर लौट गईं।
मरीज की छोटी बेटी मुस्कान ने कहा कि “मेरी मां की हालत इतनी गंभीर थी कि हमें उम्मीद कम थी। बड़े अस्पतालों में चक्कर लगाने के बाद भी फायदा नहीं मिला, लेकिन हमारे ही क्षेत्र के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर ने 12 दिनों में मेरी मां को पूरी तरह स्वस्थ कर दिया।”
ग्राम प्रधान प्रतिनिधि देवेंद्र सिंह भोले ने अमेठी के सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह की देखरेख में जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था में आए सुधार की सराहना की। उन्होंने कहा कि “डॉ. संतोष सिंह के नेतृत्व में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में स्वास्थ्य सेवाएं काफी बेहतर हुई हैं। चांदनी का स्वस्थ होना इसका जीवंत उदाहरण है।”

