Amethi UP : अवधी साहित्य संस्थान अमेठी को अंतरराष्ट्रीय अवधी समारोह में मिली बड़ी जिम्मेदारी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी।
रविवार को अवधी साहित्य संस्थान अमेठी की ओर से स्थानीय डाक बंगला सभागार में आयोजित संगोष्ठी का शुभारम्भ मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं प्रख्यात साहित्यकार जगदम्बा तिवारी ‘मधुर’ द्वारा वाणी-वंदना के साथ हुआ।

संगोष्ठी के प्रथम सत्र में अध्यक्ष डॉ. अर्जुन पाण्डेय ने बताया कि आगामी 11 दिसम्बर 2025 (गुरुवार) को राय उमानाथ बली प्रेक्षागृह, कैसरबाग (लखनऊ) में उत्तर प्रदेश साहित्य सभा द्वारा अंतरराष्ट्रीय अवधी समारोह आयोजित किया जाएगा। इस समारोह में देश-विदेश के प्रख्यात अवधी साहित्यकार शामिल होंगे।

उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में ‘अवध-अवधी : विविध संदर्भ’ ग्रंथ का विमोचन किया जाएगा तथा ‘अवध, अवधी और अवधी संस्कृति की दशा एवं दिशा’ विषय पर विस्तृत परिचर्चा होगी।

संस्थान के महासचिव रामेश्वर सिंह ‘निरास’ ने कहा कि यह आयोजन अवध और अवधी संस्कृति की दिशा को नई ऊर्जा प्रदान करेगा। संगोष्ठी की अध्यक्षता वरिष्ठ साहित्यकार राम बदन शुक्ल ‘पथिक’ ने की।

संगोष्ठी के दूसरे सत्र में राजेन्द्र शुक्ल ‘अमरेश’, अमर बहादुर सिंह ‘अमर’, सुधा अग्रहरि, रामेश्वर सिंह निरास, राम बदन शुक्ल पथिक सहित अन्य कवियों ने अपनी रसमयी रचनाओं से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में संपादक संतोष श्रीवास्तव, रवि द्विवेदी, स्वामी नाथ पाल, विनोद कुमार, डॉ. उदयराज, अनुभव मिश्र, मग्घे सहित अनेक साहित्यप्रेमी उपस्थित रहे।
संचालन साहित्यकार जगदम्बा तिवारी ‘मधुर’ ने किया।

Related posts