एनसीपी ने उपायुक्त मनरेगा को भेजा ज्ञापन, दोषियों पर FIR व कठोर कार्रवाई की मांग।
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद
सीतापुर। जनपद में मनरेगा कार्यों में गंभीर वित्तीय अनियमितता का मामला सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) ने उपायुक्त श्रम/मनरेगा को ज्ञापन भेजकर आरोप लगाया है कि विकासखंड ऐलिया की ग्राम पंचायत ढोरहा में बिना कोई कार्य कराए ₹1,96,560 का भुगतान कर दिया गया। एनसीपी ने बताया कि तकनीकी सहायक और पंचायत मित्र ने बिना भौतिक कार्य कराए ही भुगतान करा दिया और दूसरी डिमांड भी भेज दी है। श्रमिकों के न काम करने के GPS कैमरा फोटो भी साक्ष्य के रूप में दिए गए हैं।
पार्टी ने कहा कि जब शासन भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था की बात कर रहा है, ऐसे में ग्राम पंचायत स्तर पर हुआ यह भुगतान सीधे-सीधे पारदर्शिता को चुनौती है। एनसीपी ने आशंका जताई कि बिना भौतिक सत्यापन के भुगतान होना संबंधित कार्यक्रम अधिकारी की भूमिका पर भी सवाल खड़ा करता है।
कड़ी जांच व FIR की मांग
एनसीपी ने मांग की है कि पंचायत में दिखाए गए कार्यों की तत्काल स्थलीय जांच कराई जाए, दोषियों से धनराशि की वसूली की जाए और मनरेगा SOP के अनुसार FIR दर्ज कर कठोर कार्रवाई की जाए।
ग्राम पंचायत ढोरहा में इस कथित फर्जी भुगतान से ग्रामीणों में भी रोष है। अब देखना यह है कि जिला प्रशासन इस गंभीर शिकायत पर आगे क्या कदम उठाता है।

