कलेक्ट्रेट में हुई समीक्षा बैठक में आरसी वसूली, अवैध कब्जा हटाने व जन शिकायत निस्तारण पर दिया विशेष जोर।
धारा लक्ष्य समाचार शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर राजस्व प्राप्तियों, लंबित वादों और विभागीय कार्यों की नवम्बर 2025 तक की प्रगति की विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में सभी उपजिलाधिकारी, तहसीलदार और नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।
जिलाधिकारी ने न्यायालयीन कार्यों, लंबित वादों एवं आरसी वसूली को लेकर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सभी वादों का समयबद्ध निस्तारण अनिवार्य है। पिछली बैठक के बाद अपेक्षित प्रदर्शन न करने वाले अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए उन्होंने निर्देश दिया कि आरसी की वसूली तय समय पर हर हाल में पूरी की जाए तथा आवश्यक होने पर कुर्की की कार्रवाई की जाए। ग्राम समाज जुर्माना वसूली, सरकारी भूमि से अवैध कब्जों के हटाए जाने और तालाब आवंटन की प्रगति में तेजी लाने के भी निर्देश दिए गए।
बैठक में 10 बड़े बकायेदारों से की गई कार्यवाही की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों में 20 प्रमुख बकायेदारों को चिन्हित कर कठोर वसूली अभियान चलाने को कहा। उन्होंने मजिस्ट्रेटी जांच, सीमा-स्तंभ, रियल-टाइम खतौनी, घरौनी तथा अंश निर्धारण की अद्यतन स्थिति की भी समीक्षा करते हुए प्रवर्तन कार्यवाही सख्ती से लागू कराने पर जोर दिया।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जन शिकायतों का निस्तारण पूर्ण पारदर्शिता और तत्परता के साथ किया जाए। आईजीआरएस पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों की जांच मौके पर जाकर की जाए तथा जमीन विवादों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराया जाए। बैठक में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व नीतीश कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक खालिद अंजुम सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

