Barabanki Uttar Pradesh: सफाई में लापरवाही से माइनर ओवरफ्लो, यहां की सैकड़ों बीघा फसल जलमग्न

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रामसनेहीघाट बाराबंकी। सिद्धौर रजबहा से निकली माइनर की अधूरी सफाई किसानों पर भारी पड़ गई। विभागीय लापरवाही के चलते माइनर में छोड़ा गया पानी आगे सफाई न होने के कारण ओवरफ्लो हो गया, जिससे जबर पुरवा, सूरज पुर फार्म समेत कई गांवों के किसानों की गेहूं और सरसों की फसल जलमग्न हो गई। खेतों में भरे पानी से फसलें सड़ने की कगार पर हैं और किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया है।

किसानों ने बताया कि विभाग द्वारा माइनर की सफाई केवल हकामि गांव तक कराई गई थी। इसके आगे सफाई कराए बिना ही माइनर में पानी छोड़ दिया गया। नतीजतन पानी का बहाव अवरुद्ध हुआ और माइनर उफनाकर आसपास के खेतों में फैल गई। देखते ही देखते सैकड़ों बीघा खेती पानी में डूब गई, जिससे भारी नुकसान का अनुमान है।

यह माइनर वर्षों पहले सिद्धौर रजबहा से सरस्सा होते हुए सूरजपुर फार्म के जंगल तक खेतों की सिंचाई के उद्देश्य से बनाई गई थी, ताकि किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधा मिल सके। लेकिन समय-समय पर सफाई न होने और लापरवाही के चलते यह सुविधा अब किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गई है।

स्थानीय किसान रामकेवल, सोनू तिवारी, राम नारायण, कृष्णानंद, ढंगा लाल, प्रेमसागर, गंगा रामबरण व कल्लू सहित अन्य किसानों ने संबंधित विभाग से शिकायत करने की बात कही है। किसानों का कहना है कि यदि जल्द पानी की निकासी और माइनर की पूरी सफाई नहीं कराई गई तो नुकसान और बढ़ सकता है। पीड़ित किसानों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई, मुआवजा और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।

Related posts