धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी।
जनपद अमेठी में लगातार बढ़ रही कड़ाके की ठंड के कारण बच्चों को विद्यालय जाने में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर प्राथमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को इस भीषण ठंड में स्कूल आने-जाने में काफी दिक्कतें हो रही हैं। ठंड और शीतलहर के चलते बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल असर पड़ने की आशंका बढ़ गई है।
अभिभावकों का कहना है कि सुबह के समय अत्यधिक ठंड होने के कारण बच्चों को स्कूल भेजना मुश्किल हो गया है। अभिभावक विकास तिवारी, दशराम तिवारी, रवि सिंह, विक्की सिंह, राकेश यादव, रामवतार, जगत सिंह और बब्बन सिंह ने बताया कि ठंड बढ़ने से बच्चों के बीमार पड़ने का खतरा बना हुआ है। ऐसे में बच्चों को विद्यालय भेजने को लेकर वे काफी चिंतित हैं।
हालांकि बीएसए ने से समय में बच्चों के लिए बदलाव किया गया है, मगर अभिभावकों ने जिला शिक्षा अधिकारी से मांग की है कि छोटे बच्चों को ठंड से राहत देने के लिए कुछ दिनों के लिए विद्यालयों में अवकाश घोषित किया जाए। उनका कहना है कि बच्चों का स्वास्थ्य शिक्षा से अधिक महत्वपूर्ण है और इस मौसम में विशेष सावधानी की आवश्यकता है।
वहीं विद्यालय के शिक्षक कैलाश शुक्ला एवं सत्य प्रकाश तिवारी ने बताया कि अत्यधिक ठंड के कारण विद्यालय में बच्चों की उपस्थिति लगातार कम हो रही है। उन्होंने यह भी मांग की कि विद्यालय परिसर के पास अलाव की व्यवस्था कराई जाए, जिससे बच्चों को स्कूल छोड़ने आने वाले अभिभावकों और बच्चों दोनों को कुछ राहत मिल सके।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से शीघ्र निर्णय लेने की अपील की है, ताकि कड़ाके की ठंड में बच्चों को अनावश्यक परेशानियों से बचाया जा सके और उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

