इग्नू के कृषि आधारित पाठ्यक्रमों में प्रवेश की अंतिम तिथि 15 फरवरी।
वाराणसी काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के डेयरी विज्ञान एवं खाद्य प्रौद्योगिकी विभाग में संचालित इग्नू अध्ययन केन्द्र (48003) में कृषि आधारित विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 15 फरवरी निर्धारित की गई है।
अध्ययन केन्द्र में कृषि एवं खाद्य क्षेत्र से जुड़े कई रोजगारपरक पाठ्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं, जिनमें डी.डी.टी., पी.जी.डी. एफ.एस.क्यू.एम., एम.एससी. (एफएसक्यूएम), ऑर्गेनिक फार्मिंग, हॉर्टीकल्चर, पोल्ट्री फार्मिंग, मधुमक्खी पालन तथा बीएससी (एफएसक्यूएम) प्रमुख हैं।
इस अध्ययन केन्द्र में बिहार, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड एवं छत्तीसगढ़ के विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। फूड सेफ्टी एवं डेयरी तकनीक जैसे पाठ्यक्रमों में विद्यार्थियों की विशेष रुचि देखने को मिल रही है। इन पाठ्यक्रमों के लिए किसी प्रकार की आयु सीमा निर्धारित नहीं है और विद्यार्थी नौकरी के साथ भी इग्नू की पढ़ाई कर सकते हैं।
अध्ययन केन्द्र (48003) के समन्वयक डॉ. अरविन्द ने बताया कि इग्नू के पाठ्यक्रम विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार किए जाते हैं, जिनकी गुणवत्ता उच्च स्तर की होती है। इस केन्द्र में अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को काशी हिन्दू विश्वविद्यालय से जुड़ने का अवसर भी प्राप्त होता है। अभ्यर्थी अपनी रुचि के अनुसार किसी भी पाठ्यक्रम में प्रवेश ले सकते हैं।

