धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। उत्तर प्रदेश में लगातार बढ़ रही ठंड और सर्द हवाओं के बीच अमेठी और सुल्तानपुर जिला आज प्रदेश का सबसे ठंडा जिला दर्ज किया गया। इसके बावजूद जिला प्रशासन द्वारा केवल कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया है, जबकि कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों को बंद करने का कोई आदेश अब तक जारी नहीं किया गया है।

इस निर्णय को लेकर अभिभावकों, शिक्षकों और सामाजिक संगठनों में गहरी नाराजगी देखी जा रही है।
गौरतलब है कि एक दिन पूर्व मीडिया में ठंड को लेकर खबरें प्रकाशित होने के बाद आज सुबह जिला प्रशासन हरकत में आया और प्राथमिक व उच्च प्राथमिक विद्यालयों में अवकाश घोषित किया गया।
हालांकि, बदलते मौसम की गंभीरता, घना कोहरा और शीतलहर को देखते हुए यह फैसला अधूरा माना जा रहा है।
प्रदेश के कई ऐसे जिलों में, जहां अमेठी की तुलना में ठंड कम है, वहां प्रशासन ने 23 दिसंबर तक कक्षा 1 से 12 तक सभी विद्यालय बंद रखने के आदेश जारी कर दिए हैं। इसके विपरीत अमेठी में कक्षा 9 से 12 तक के छात्र-छात्राओं को सुबह सर्द मौसम में स्कूल जाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि ठंड और कोहरे के कारण बच्चों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। सुबह के समय तापमान बेहद कम होने के कारण बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। अभिभावकों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि बच्चों की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए तत्काल प्रभाव से सभी कक्षाओं में अवकाश घोषित किया जाए।
इस पूरे मामले में जिला प्रशासन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। अब देखना यह है कि प्रशासन जनता की मांगों को कितनी गंभीरता से लेता है और कब तक कक्षा 9 से 12 तक के विद्यालयों को लेकर कोई ठोस निर्णय लिया जाता है।

