Ayodhya UP: आरोग्य मंदिर तक रास्ता नहीं, इलाज तक पहुँचना बना संघर्ष सरकारी आदेश के 9 माह बाद भी नहीं शुरू हुआ निर्माण, मरीज बेहाल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रुदौली अयोध्या। सरकार भले ही गांव-गांव स्वास्थ्य सुविधाएँ पहुँचाने के बड़े-बड़े दावे कर रही हो, लेकिन जमीनी हकीकत इससे बिल्कुल उलट नजर आ रही है। रुदौली ब्लॉक की ग्राम पंचायत जरायल कला के मजरे पूरे शाह लाल में स्थित आरोग्य मंदिर (छोटा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र) तक आज भी पक्का रास्ता नहीं बन पाया है,यहां तक की आरोग्य केंद्र पर जाने के लिए किसी भी प्रकार का कोई रास्ता ही नहीं है जिससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के दिनों में हालात और भी बदतर हो जाते हैं। गर्भवती महिलाएं, बुजुर्ग और बीमार मरीज कीचड़ और ऊबड़-खाबड़ रास्तों से गुजरने को मजबूर हैं। कई बार तो मरीज रास्ते में ही गिर जाते हैं, जिससे उनकी जान को खतरा बना रहता है।
इस गंभीर समस्या को लेकर जब ग्राम विकास अधिकारी करुणा शंकर से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उन्होंने फोन उठाना भी मुनासिब नहीं समझा।

वहीं ग्राम प्रधान मोहम्मद इश्तियाक ने बताया कि “जल्द ही आरोग्य मंदिर तक रास्ता बनवाया जाएगा”, लेकिन यह आश्वासन पिछले कई महीनों से सिर्फ कागजों और बयानों तक ही सीमित है।
गौरतलब है कि इससे पूर्व क्षेत्रीय विधायक रामचंद्र यादव द्वारा भी खंड विकास अधिकारी ओर ग्राम प्रधान को स्पष्ट निर्देश दिए गए थे कि आरोग्य मंदिर तक पहुंच मार्ग का निर्माण शीघ्र कराया जाए। इसके बावजूद 8 से 9 महीने बीत जाने के बाद भी न तो निर्माण कार्य शुरू हुआ और न ही कोई ठोस कार्रवाई दिखाई दी।

आरोग्य मंदिर पर तैनात एएनएम सबीना खातून ने बताया कि उन्होंने कई बार ग्राम प्रधान से रास्ते की समस्या को लेकर अनुरोध किया, लेकिन हर बार बजट न होने का हवाला देकर टाल दिया जाता है। उन्होंने कहा कि रास्ता न होने की वजह से मरीज समय पर केंद्र तक नहीं पहुँच पाते, जिससे इलाज में देरी होती है और स्थिति गंभीर हो जाती है।

ग्रामीणों में इस लापरवाही को लेकर भारी आक्रोश है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही रास्ते का निर्माण नहीं कराया गया तो वे मजबूर होकर उच्च अधिकारियों और जिलाधिकारी से शिकायत करेंगे। अब बड़ा सवाल यह है कि क्या सरकारी आदेश सिर्फ फाइलों तक ही सीमित रहेंगे?
या फिर मरीजों की पीड़ा को देखते हुए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाएगा।

Related posts