धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ अमेठी, जनपद के संग्रामपुर ब्लॉक के सरस्वती शिशु मंदिर कालिकन धाम में एक भव्य पथ संचलन और बौद्धिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह आयोजन संघ की राष्ट्र निर्माण में अद्वितीय भूमिका और शताब्दी वर्ष की ओर अग्रसर यात्रा को समर्पित था।
पथ संचलन की शुरुआत कालिकन धाम में स्थित सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय परिसर से हुई, जो कि कालिकन धाम से होते हुए संग्रामपुर चौराहे तक पहुंची और पुनः विद्यालय परिसर में इसका समापन हुआ। संचलन में संघ के स्वयंसेवकों ने पूर्ण गणवेश में अनुशासित व प्रेरणादायी प्रदर्शन करते हुए सामाजिक एकता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया। मार्ग में आम जनमानस ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया।
इस अवसर पर आयोजित बौद्धिक कार्यक्रम को जिला प्रचारक पवन जी ने संबोधित करते हुए संघ की “शून्य से शतक” तक की यात्रा को विस्तार से प्रस्तुत किया। उन्होंने कहा कि संघ केवल एक संगठन नहीं, बल्कि एक विचार है, जो राष्ट्र निर्माण, सांस्कृतिक चेतना और सामाजिक समरसता को समर्पित है।उन्होंने विजयादशमी के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह पर्व हमें आत्मबल, संगठनबद्धता और राष्ट्र के लिए समर्पण का संदेश देता है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जय बहादुर सिंह रहे। इस अवसर पर खंड कार्यवाहक विनोद पांडेय, राजेश शुक्ला मंडल अध्यक्ष संग्रामपुर, ज्ञान सिंह,शिवेन्द्र विक्रम सिंह,वरिष्ठ नेता सदाशिव पांडेय,अरविंद कुमार पाण्डेय, गोकुलेश, अमित दूबे, झल्लर पांडेय, शंभूनाथ पांडेय सहित बहुत से स्वयं सेवक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन “भारत माता की जय” और “वन्दे मातरम्” जैसे राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत नारों के साथ हुआ, जिससे उपस्थित सभी जनमानस भावविभोर हो उठे।

