Amethi UP: डीएम एवं सीडीओ के मार्गदर्शन में आत्मनिर्भरता की मिसाल — शालिनी सिंह बनीं प्रेरणा स्रोत

महिला सशक्तिकरण की नई दिशा — समूह से आत्मविश्वास और सम्मान की पहचान।

मिट्टी के कुल्हड़ से बदल रही हैं गाँव की तस्वीर — शालिनी का नवाचार बना उदाहरण।

अमेठी। ग्राम पंचायत खरगपुर, जिसकी आबादी लगभग 2500 है, में पहले कोई भी महिला समूह से जुड़ने का साहस नहीं कर पाई थी। लेकिन शालिनी सिंह ने पहल करते हुए स्वयं के साथ अन्य महिलाओं को भी समूह से जोड़कर कार्य प्रारंभ किया।

शालिनी ने बताया कि समूह में जुड़ने से पहले आर्थिक स्थिति कमजोर थी, बच्चों की शिक्षा और घर की आवश्यकताओं को पूरा करने में कठिनाइयाँ आती थीं। समाज के लोग भी ताने मारते थे, जिससे आत्मविश्वास डगमगा जाता था।

समूह से जुड़ने के बाद शालिनी ने मिट्टी के कुल्हड़, प्लेट और गिलास बनाने का कार्य शुरू किया। उनके प्रयासों से गाँव की अन्य महिलाओं में भी नई ऊर्जा का संचार हुआ। आज शालिनी अपने कार्य से न केवल आत्मनिर्भर बनी हैं, बल्कि दो अन्य महिलाओं को भी रोजगार प्रदान कर रही हैं। समूह से जुड़ने के बाद उनके परिवार की आर्थिक स्थिति में सुधार हुआ है और अब बच्चे भी अच्छे विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे हैं।

शालिनी ने यह साबित किया है कि यदि महिलाएँ संगठित होकर कार्य करें तो गाँव में ही रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

जिलाधिकारी संजय चौहान एवं मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल ने कहा कि प्रधानमंत्री ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत जनपद की महिलाएँ आत्मनिर्भरता की दिशा में सराहनीय कार्य कर रही हैं। ऐसे उदाहरण अन्य महिलाओं को भी प्रेरित करेंगे कि वे समूह से जुड़कर अपनी आर्थिक व सामाजिक स्थिति को सशक्त बनाएं।

Related posts