Amethi UP: मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत ग्राम नरौली में महिलाओं को दी गई कानूनी एवं सामाजिक अधिकारों की जानकारी

चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा आयोजित हुआ जनजागरूकता कार्यक्रम

अमेठी। महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित मिशन शक्ति 5.0 अभियान के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को जागरूक करने के उद्देश्य से वृहद स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज ग्राम पंचायत नरौली, विकासखंड गौरीगंज में चाइल्ड हेल्पलाइन द्वारा जागरूकता चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का आयोजन उपजिलाधिकारी/प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के निर्देशन एवं जिलाधिकारी संजय चौहान के मार्गदर्शन में किया गया।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर गौरव श्रीवास्तव और बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष दिनेश तिवारी ने बच्चों के अधिकारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। चाइल्ड हेल्पलाइन से रुचि सिंह ने उपस्थित महिलाओं को दहेज प्रथा, घरेलू हिंसा, कार्यस्थल पर लैंगिक उत्पीड़न और कन्या भ्रूण हत्या जैसे सामाजिक अपराधों के बारे में जागरूक किया।

उन्होंने बताया कि दहेज निषेध अधिनियम 1961 के तहत दहेज लेना या देना दंडनीय अपराध है, जिसके लिए 5 वर्ष की कैद और जुर्माने का प्रावधान है। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर रोशन लाल (सुपरवाइजर) द्वारा मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, स्पॉन्सरशिप योजना, निराश्रित पेंशन योजना एवं वन स्टॉप सेंटर की जानकारी दी गई।

चाइल्ड हेल्पलाइन टीम ने बताया कि 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (आपातकालीन सेवा) एवं 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) जैसी सेवाओं का उपयोग जनसाधारण कर सकते हैं।

चौपाल के दौरान उपस्थित महिलाओं और ग्रामीणों को बाल श्रम रोकने, दहेज प्रथा समाप्त करने, और बाल यौन शोषण की शिकायत करने के तरीकों के बारे में भी जानकारी दी गई। साथ ही योजनाओं के पंपलेट वितरित कर जागरूकता बढ़ाने का संदेश दिया गया।

Related posts