Sitapur Uttar Pradesh: जिलाधिकारी ने किया मतदाता सूची वितरण और महोली सीएचसी का औचक निरीक्षण, पारदर्शिता और सेवा गुणवत्ता पर दिया जोर 

 कांशीराम कॉलोनी व विकास नगर में मतदाता प्रपत्र वितरण की ली जानकारी — महोली सीएचसी में अव्यवस्था पर डीएम सख्त, दो नर्सों का वेतन रोका और स्पष्टीकरण तलब।

धारा लक्ष्य समाचार 

रिपोर्ट शफीक अहमद सीतापुर

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने रविवार को 146-सीतापुर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला कांशीराम कॉलोनी और विकास नगर में मतदाता सूची से संबंधित गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) वितरण कार्य का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान के तहत मतदाता सूची अद्यतन का कार्य तेजी से चल रहा है और बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं को गणना प्रपत्र उपलब्ध करा रहे हैं।

उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस अभियान में सक्रिय भागीदारी करें, ताकि शुद्ध निर्वाचक नामावली तैयार हो सके और कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रहे। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि इस प्रक्रिया में पूर्ण पारदर्शिता और जिम्मेदारी बरती जाए। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) नीतीश कुमार सिंह, तहसीलदार सदर अतुल सेन सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

इसके उपरांत जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महोली का आकस्मिक निरीक्षण किया और व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान इमरजेंसी, महिला वार्ड, लेबर रूम, पैथोलॉजी और किचेन में कमियां पाए जाने पर उन्होंने नाराजगी जताई। डिलीवरी रजिस्टर में त्रुटि मिलने पर स्टाफ नर्स संतोष सिंह का स्पष्टीकरण तलब किया गया,

वहीं स्टाफ नर्स गरिमा मिश्रा और पूजा गौतम का वेतन रोकते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जवाब मांगा गया। जिलाधिकारी ने अस्पताल में स्वच्छता, दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता, मरीजों के भोजन की गुणवत्ता और जन्म प्रमाणपत्र वितरण की व्यवस्था पर विशेष बल दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी चिकित्सक व कर्मचारी निर्धारित यूनिफॉर्म में रहें, बेडशीट नियमित रूप से बदली जाए और मरीजों को समुचित देखभाल व परामर्श उपलब्ध कराया जाए।

Related posts