नैमिषारण्य विकास की रफ्तार तेज़—प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने किया व्यापक निरीक्षण
हेलीपैड से चक्रतीर्थ तक सभी परियोजनाओं की समीक्षा, सौन्दर्यीकरण, चौड़ीकरण और समयबद्ध पूर्णता के निर्देश
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
मुख्य बिंदु—
हेलीपैड, मल्टीस्टोरी पार्किंग, पंचमुखी प्लाज़ा, चक्रतीर्थ समेत कई स्थलों का निरीक्षण
चौड़ीकरण, सफाई, सौन्दर्यीकरण व गाइड नियुक्ति पर विशेष जोर
समीक्षा बैठक में कार्य समयबद्ध पूर्ण करने के निर्देश।
मिश्रिख (सीतापुर)। पर्यटन, संस्कृति व धर्मार्थ कार्य विभाग के प्रमुख सचिव अमृत अभिजात ने मंगलवार को नैमिषारण्य में चल रहे विकास कार्यों का व्यापक स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने हेलीपैड, पार्किंग, पंचमुखी प्लाज़ा, माँ ललिता देवी मंदिर, मुरारका बड़ी धर्मशाला, चक्रतीर्थ और राजघाट पर प्रगति देखी और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने हेलीपैड के पास अतिरिक्त भूमि अधिग्रहण एवं लिंक रोड के चौड़ीकरण का आदेश दिया। मल्टीस्टोरी पार्किंग में कार्यों का तत्काल सत्यापन शुरू कराने और पार्किंग मार्गों को चौड़ा करने के निर्देश दिए।
ललिता देवी पंचपराग कुण्ड में साफ-सफाई, साइनेज बोर्ड और तीर्थ स्थल के सौन्दर्यीकरण पर जोर दिया। मुरारका धर्मशाला को हेरिटेज शैली में विकसित करने तथा म्यूज़ियम, लाइटिंग और साउंड सिस्टम जोड़ने की बात कही।
चक्रतीर्थ में निर्माणाधीन भव्य गेट को जल्द पूरा कराने व सभी कार्य मानकों के अनुरूप कराने को कहा। राजघाट पर महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग चेंजिंग रूम बनाने का निर्देश दिया।
समीक्षा बैठक में प्रमुख सचिव ने स्पष्ट कहा कि पूर्ण कार्यों को शीघ्र हैंडओवर किया जाए और शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे हों। सभी परियोजनाओं की जानकारी जनप्रतिनिधियों के साथ साझा करने, प्रस्तावित स्थानों पर तत्काल पौधरोपण शुरू करने और विभागीय समन्वय के साथ गति बढ़ाने के निर्देश दिए।
पर्यटन विभाग के प्रशिक्षित गाइड जल्द नियुक्त किए जाएंगे।
निरीक्षण के बाद प्रमुख सचिव ने माँ ललिता देवी मंदिर व चक्रतीर्थ पर पूजा-अर्चना भी की। मौके पर जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर., एडीएम नीतीश कुमार सिंह, एसडीएम शैलेन्द्र मिश्रा सहित कई विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।

