Amethi UP : जगदीशपुर में सड़क हादसा—रोटावेटर लदा ट्रेलर ट्रक से भिड़ा, पुलिस ने यातायात किया सामान्य

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

कमरौली, अमेठी। औद्योगिक क्षेत्र जगदीशपुर के रोड नंबर–4 पर बुधवार की सुबह बड़ा हादसा होते-होते टल गया। रोटावेटर से लदा ट्रेलर, आगे चल रहे नमक भरे ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर मार बैठा। बताया जा रहा है कि दोनों वाहन सुल्तानपुर की दिशा में जा रहे थे। इस दौरान अचानक आगे चल रहे ट्रक ने ब्रेक लगाया, दूरी कम होने के कारण ट्रेलर चालक वाहन को नियंत्रित नहीं कर सका और दुर्घटना हो गई।

टक्कर इतनी तेज़ थी कि ट्रेलर का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि ट्रक में भी हल्का नुकसान पहुंचा। आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए। हालांकि राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और ड्राइवर-क्लीनर सुरक्षित रहे।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची। थाना प्रभारी मुकेश पटेल ने बताया कि घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात तुरंत सामान्य कर दिया गया। उन्होंने बताया कि हादसा अचानक ब्रेक लगने और दोनों वाहनों के बीच कम दूरी होने के कारण हुआ। पुलिस मामले की आगे की आवश्यक कार्रवाई कर रही है।

हादसे के कारण कुछ देर के लिए रोड नंबर–4 पर यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस टीम ने नियंत्रित कर दिया।

Related posts