योग केवल व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन का आधार : राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा
योग को जन-जन की जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता : जिलाधिकारी
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
बाराबंकी, 21 जून 2026: 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रविवार को राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) ऑडिटोरियम, बाराबंकी में जनपद स्तरीय भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की थीम “Yoga for Healthy Ageing” निर्धारित की गई थी।
इस थीम का उद्देश्य लोगों को यह संदेश देना है कि योग केवल शारीरिक फिटनेस का माध्यम नहीं, बल्कि बढ़ती आयु के साथ शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का प्रभावी साधन भी है।
कार्यक्रम का शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके उपरांत आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक शशिकांत अवस्थी के निर्देशन में उपस्थित जनसमूह को कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। योगाभ्यास में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, विद्यार्थियों एवं नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
*योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है : सतीश चन्द्र शर्मा*
राज्य मंत्री सतीश चन्द्र शर्मा ने अपने सम्बोधन में कहा कि योग भारत की प्राचीन एवं अमूल्य सांस्कृतिक धरोहर है, जिसे आज पूरा विश्व अपना रहा है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन और आत्मा के बीच संतुलन स्थापित करने वाली जीवन पद्धति है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त बनाता है। उन्होंने कहा कि मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के प्रयासों से योग को वैश्विक पहचान मिली है और आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपनाकर निरोग जीवन की ओर अग्रसर हो रहे हैं।
*योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है : डीएम*

जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने अपने उद्बोधन में कहा कि योग भारत की गौरवशाली परंपरा का अभिन्न अंग है, जो संपूर्ण मानवता को स्वस्थ जीवन का मार्ग दिखा रहा है। उन्होंने कहा कि योग को जन-जन की जीवनशैली बनाना समय की आवश्यकता है।
वर्तमान समय में बढ़ती जीवनशैली जनित बीमारियों से बचाव के लिए योग अत्यंत प्रभावी उपाय है। योग व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक विकास का सशक्त माध्यम है तथा समाज में सकारात्मक सोच, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास करता है।
उन्होंने सभी नागरिकों से प्रतिदिन योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया। जिलाधिकारी ने कहा कि इस वर्ष की थीम “योगा फॉर हेल्दी एजिंग” समाज के प्रत्येक वर्ग, विशेषकर वरिष्ठ नागरिकों के लिए अत्यंत प्रासंगिक है। नियमित योगाभ्यास से बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति सक्रिय, स्वस्थ और आत्मनिर्भर जीवन व्यतीत कर सकता है।
उन्होंने योग प्रशिक्षकों, आयोजकों एवं प्रतिभागियों के उत्साह की सराहना करते हुए योग के संदेश को घर-घर तक पहुंचाने की अपील की।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने, नियमित योग करने तथा योग को जन-आंदोलन बनाने का संकल्प दिलाया गया।
इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष श्री राम सिंह वर्मा (भुल्लन वर्मा), पूर्व विधान परिषद सदस्य मा0 श्री हरगोविंद सिंह, श्री अजीत प्रताप सिंह, मुख्य विकास अधिकारी श्री अन्ना सुदन, संयुक्त मजिस्ट्रेट सुश्री गुंजिता अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी श्री निरंकार सिंह, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा बेसिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक, छात्र-छात्राएं तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने योग शिविर में प्रतिभाग कर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम का समापन राष्ट्र, समाज एवं जनपद के समग्र स्वास्थ्य, समृद्धि और कल्याण की कामना के साथ किया गया। उपस्थित सभी लोगों ने स्वस्थ भारत के निर्माण हेतु नियमित योग करने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।
