धारा लक्ष्य समाचार
पुवांरका।
मांडला व लंढौरा जुनारदार के ग्रामीणों ने भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ पुंवारका स्थित बैंक पर प्रदर्शन कर धरना दिया। ग्रामीणों ने बैंक मित्र व बैंक मैनेजर सहित अन्य कर्मचारीयों पर लाखों रूपये के गबन का आरोप लगाया था। एक खाताधारक ने रूपये नहीं मिलने पर परिवार सहित आत्मदाह की चेतावनी दी है। पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर बुझाकर शांत कराया।
सोमवार को ग्रामीण भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के साथ पुवांरका स्थित पंजाब नेशनल बैंक पहुंचे तथा धरना देते हुए जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों ने बैंक मित्र व बैंक मैनेजर पर लाखों रूपये गायब करने का आरोप लगाया था। दरेशना पत्नी राजकुमार, रणवीर पुत्र संतु,शिवकुमार पुत्र बेगराज, रौशनी पत्नी बेगराम, शिवकुमार पुत्र मोलराम, सुनील पुत्र महेन्द्र, पप्पू पुत्र मंगलू राम,कदम सिंह पुत्र उग्र सिंह, सूर्य प्रताप पुत्र शोराज सिंह, सुनील कुमार पुत्र नाथीराम आदि ने बताया कि उन्होंने गांव के ही बैंक मित्र पंकज को खाते में रूपये जमा करने के लिए दिये थे, लेकिन उसने रूपये जमा नहीं किए। ग्रामीणों ने बैंक पर भी मिलीभगत का आरोप लगाया है। मांडला निवासी रणवीर पुत्र संतु ने बताया कि सात फरवरी को उसकी बेटी की बारात आनी है। खाते में डेढ़ लाख रुपये पंकज को जमा करने के दिये थे, जिनको पंकज ने अपने खाते में जमा कर लिए। रणवीर ने चेतावनी दी कि यदि बेटी की शादी से पहले पैसे नहीं मिले तो वह परिवार सहित बैंक पर आत्महत्या कर लेंगे। दरेशनी पत्नी राजकुमार निवासी मांडला ने बताया कि उसने 25 हजार रुपये पंकज को जमा करने के लिए दिये थे, लेकिन खाते में पैसे नहीं हैं। जबकि उसकी पुत्रवधू के प्रसव समय नजदीक है। चौकी इंचार्ज रविन्द्र धामा ने ग्रामीणों को समझा बुझाकर शांत कराया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण अपने खाते की डिटेल के साथ सूची बना कर दे दें। इस मामले में मुकदमा दर्ज है तथा ग्रामीणों को उनका पैसा दिलाया जाएगा। पुलिस के आश्वासन पर ग्रामीणों ने दो घंटे बाद धरना समाप्त कर दिया। बता दें कि दो सप्ताह पहले जब ग्रामीणों को उनके रूपये गायब होने का पता चला था तो उन्होंने उस समय भी जमकर हंगामा किया था।
प्रदर्शन करने वालों में भीम आर्मी के रमेश राज गौतम,विपूल वालिया, राहुल गौतम, आशीष, सन्नी खेवड़िया आदि रहे।

