धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अपना दल (एस) के नेता से जुड़ी कंपनी से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित सामग्री बरामद।
अमेठी। जनपद अमेठी में नकली कीटनाशकों के अवैध कारोबार का बड़ा मामला सामने आया है। कांग्रेस नेता देवमणि तिवारी (जो कि एम एल सी प्रत्याशी भी है) से जुड़े प्रमोद आलोक इंटरमीडिएट कॉलेज परिसर में संचालित एक कथित नकली कीटनाशक फैक्ट्री पर प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने छापा मारकर भारी मात्रा में प्रतिबंधित व संदिग्ध सामग्री बरामद की है।

यह कार्रवाई बायर कंपनी के प्रतिनिधि की शिकायत पर की गई।
बायर कंपनी के प्रतिनिधि आशीष जागड़ा द्वारा जिलाधिकारी को दिए गए शिकायती पत्र के बाद जिला कृषि अधिकारी डॉ. राजेश कुमार, नायब तहसीलदार अजय कुमार सिंह तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रवि कुमार सिंह के नेतृत्व में संयुक्त टीम गठित की गई। टीम ने 30 दिसंबर को दोपहर लगभग 3:30 बजे कॉलेज परिसर के एक कमरे में छापेमारी की।
छापे के दौरान राम उजागिर यादव नामक व्यक्ति को बायर कंपनी के रैपर में “रीजेंट अल्ट्रा” कीटनाशक की पैकिंग करते हुए रंगे हाथों पकड़ा गया। मौके से रीजेंट अल्ट्रा इनसेक्टिसाइड के 414 पैकेट बरामद किए गए, जिनकी सील टूटी हुई थी। प्रथम दृष्टया सभी कीटनाशक निम्न गुणवत्ता के और नकली पाए गए, जिन्हें तत्काल सील कर दिया गया।

जांच के दौरान अन्य कंपनियों के कीटनाशक भी बरामद हुए। इनमें एडवांस एग्रो लाइफ प्रा. लि. के 500 ग्राम के 4 पैकेट, क्लोरपायरीफॉस 500 ग्राम का 1 पैकेट, एच.पी.एम. केमिकल्स एंड फर्टिलाइजर्स के उत्पाद तथा एग्रोस्टार कंपनी के “ट्रेनें” (115 एमएल) के 9 पैकेट शामिल हैं।
इसके अलावा भारी मात्रा में कच्चा माल भी जब्त किया गया, जिसमें 15 कट्टे सफेद पाउडर (लगभग 498.39 किलोग्राम), 1 कट्टा नीला पाउडर (258.30 किलोग्राम) और 7 कट्टे काला पाउडर (187 किलोग्राम) शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार यह पूरा मामला कीटनाशी अधिनियम 1968 एवं कीटनाशी नियम 1960 का स्पष्ट उल्लंघन है।
मौके से विभिन्न कंपनियों के खाली बैग, बोरियां, इफको व आईपीएल डीएपी के पैकेट, 200 बोतल बीपीएल डीएपी, 3400 बोतल इफको डीएपी तथा 500 खाली डीएपी बोतलें समेत अन्य संदिग्ध सामग्री भी बरामद की गई।
प्रशासन का आरोप है कि इस नकली कीटनाशक फैक्ट्री का संचालन अपना दल (एस) के जिला उपाध्यक्ष अमेठी शिवम तिवारी द्वारा कराया जा रहा था। मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा अन्य संलिप्त लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।

