धारा लक्ष्य समाचार पत्र
जायस/अमेठी। अमेठी जिले में मानवता और संवेदनशीलता की एक प्रेरक मिसाल उस समय देखने को मिली, जब सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद के लिए भीड़ के बीच स्वयं मुख्य चिकित्साधिकारी रुक गए। निरीक्षण पर निकले अमेठी के सीएमओ अंशुमान सिंह ने मानवीय संवेदना का परिचय देते हुए न केवल अपना वाहन रुकवाया, बल्कि घायलों को स्वयं उठाकर इलाज के लिए अस्पताल भिजवाया।
घटना जायस थाना क्षेत्र अंतर्गत पूरे मुर्गिया गांव के पास की है, जहां तेज रफ्तार ओमनी वैन ने बाइक सवार तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
इसी दौरान फुरसतगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण करने जा रहे सीएमओ अंशुमान सिंह की नजर सड़क किनारे पड़े घायलों पर पड़ी। उन्होंने बिना एक पल गंवाए अपना काफिला रुकवाया और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को सुरक्षित वाहन में बैठाकर नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जिससे उन्हें समय रहते चिकित्सकीय उपचार मिल सका।
सीएमओ की इस त्वरित और संवेदनशील पहल की मौके पर मौजूद लोगों ने जमकर सराहना की। लोगों का कहना था कि यदि समय पर मदद न मिलती तो घायलों की स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
सीएमओ अंशुमान सिंह की यह पहल न केवल एक जिम्मेदार अधिकारी की कर्तव्यनिष्ठा को दर्शाती है, बल्कि समाज के लिए मानवता, सेवा और संवेदना की एक प्रेरणादायक मिसाल भी बन गई है।

