Varanasi UP…आपदा में कैसे बनें सहारा: नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण में सीपीआर और प्राथमिक उपचार की दी गई सीख।

आपदा में कैसे बनें सहारा: नागरिक सुरक्षा प्रशिक्षण में सीपीआर और प्राथमिक उपचार की दी गई सीख।

वाराणसी। चेतगंज स्थित नागरिक सुरक्षा प्रधान कार्यालय में चल रहे सात दिवसीय नागरिक सुरक्षा वार्डेन एवं स्वयंसेवक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण के तीसरे चरण के तीसरे दिन स्वयंसेवकों को आपदा प्रबंधन के व्यावहारिक पहलुओं से अवगत कराया गया। इस सत्र में एनडीआरएफ के विशेषज्ञों ने आपात परिस्थितियों से प्रभावी ढंग से निपटने के तरीके विस्तार से समझाए।
प्रशिक्षण के दौरान दुर्घटनाओं में घायल व्यक्तियों को प्राथमिक उपचार देने की विधियों का प्रदर्शन किया गया और स्वयंसेवकों को सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) की प्रक्रिया का अभ्यास भी कराया गया। प्रशिक्षकों ने बताया कि समय पर दी गई सही प्राथमिक चिकित्सा कई बार जीवन और मृत्यु के बीच का अंतर बन जाती है, इसलिए प्रत्येक स्वयंसेवक के लिए इन तकनीकों का ज्ञान अत्यंत आवश्यक है।
कार्यक्रम में नागरिक सुरक्षा वाराणसी के उप नियंत्रक जितेंद्र देव सिंह, वरिष्ठ सहायक उप नियंत्रक इरफानुल होदा, विवेक राय तथा मास्टर ट्रेनर संदीप कुमार की उपस्थिति में स्वयंसेवकों ने सक्रिय भागीदारी की और आपदा के समय जिम्मेदार भूमिका निभाने का संकल्प लिया।

Related posts