Varanasi UP…गोद लिए गांव की बदहाल सड़क: 21 साल बाद भी निर्माण अधूरा, ग्रामीणों में आक्रोश।

गोद लिए गांव की बदहाल सड़क: 21 साल बाद भी निर्माण अधूरा, ग्रामीणों में आक्रोश।

वाराणसी। ग्राम कुरहुआ (थाना रोहनिया, जिला वाराणसी) में वर्ष 2005 से जर्जर पड़ी सड़क आज वर्ष 2026 में भी अपने निर्माण की बाट जोह रही है। करीब 21 वर्ष बीत जाने के बावजूद सड़क का पक्का निर्माण नहीं हो सका है, जिससे ग्रामीणों को दैनिक आवागमन में भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि यह गांव सांसद आदर्श ग्राम योजना के अंतर्गत गोद लिया गया था, लेकिन इसके बावजूद गांव की मूलभूत सुविधाओं की स्थिति अत्यंत दयनीय बनी हुई है। सड़क ही नहीं, बल्कि बिजली और पानी जैसी आवश्यक सुविधाओं का भी समुचित प्रबंध नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार दो बार सड़क पर मिट्टी और गिट्टी डाली गई, किंतु ठेकेदार द्वारा उसे वापस उठा लेने का आरोप भी लगाया गया है। आरोप है कि कुछ अवांछनीय तत्व गांव के विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न कर रहे हैं, जिसके कारण योजनाएं धरातल पर नहीं उतर पा रही हैं।
इस संबंध में आयोजित पत्रकार वार्ता में सामाजिक कार्यकर्ता विष्णु राम पांडे ने कहा कि यदि शीघ्र ही सड़क निर्माण और अन्य बुनियादी सुविधाओं की व्यवस्था नहीं की गई तो ग्रामीण आंदोलन के लिए बाध्य होंगे।
पत्रकार वार्ता में मुख्य रूप से श्याम बिहारी, जयप्रकाश पांडेय, अनिल पांडेय, राघवेंद्र पांडेय, मोहन पांडेय, निरंजन लाल सहित अनेक ग्रामवासी उपस्थित रहे।
ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि गांव की जमीनी हकीकत की जांच कराकर शीघ्र विकास कार्य प्रारंभ कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Related posts