साथी जवान की सतर्कता से बची जान, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज।
जिला रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। जिले की पुलिस लाइन में तैनात एक सिपाही ने पारिवारिक विवाद से परेशान होकर आत्महत्या का प्रयास कर लिया। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि समय रहते साथी सिपाही की सतर्कता से उसकी जान बचा ली गई। गंभीर हालत में उसे तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका इलाज चल रहा है।जानकारी के अनुसार फतेहपुर जनपद निवासी संदीप रायबरेली पुलिस लाइन में तैनात है। बताया जा रहा है कि शुक्रवार को परिवार के किसी सदस्य से फोन पर बातचीत के दौरान उसका विवाद हो गया था।
बातचीत के बाद वह मानसिक रूप से काफी परेशान हो गया और अपने कमरे में जाकर फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया।
इसी दौरान उसका एक साथी सिपाही कमरे में पहुंच गया। उसने संदीप को फंदे पर लटका देखा तो तुरंत उसे नीचे उतारा और अन्य पुलिसकर्मियों की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार सिपाही की हालत अब खतरे से बाहर बताई जा रही है। मामले को लेकर पुलिस विभाग भी पूरी जानकारी जुटाने में लगा है।
