शौचालय के गड्ढे के विवाद में बुजुर्ग की मौत, गांव में तनाव; परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां /रायबरेली। बछरावां थाना क्षेत्र के घनश्याम खेड़ा मजरे उफरापुर गांव में शौचालय के गड्ढे को लेकर चल रहा विवाद मंगलवार को उस समय दुखद मोड़ पर पहुंच गया, जब विवाद के दौरान 76 वर्षीय बुजुर्ग कृष्णपाल की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है, जबकि परिजनों ने विपक्षी पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, गांव में शौचालय का गड्ढा खोदे जाने को लेकर दो पक्षों के बीच काफी समय से विवाद चला आ रहा था। मामला बढ़ने पर पुलिस भी पूर्व में मौके पर पहुंचकर दोनों पक्षों को समझा-बुझा चुकी थी। इसके बावजूद मंगलवार शाम एक बार फिर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और कहासुनी शुरू हो गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद के दौरान माहौल अचानक गरमा गया। आरोप है कि इसी दौरान हुई धक्का-मुक्की में बुजुर्ग कृष्णपाल जमीन पर गिर पड़े। उन्हें आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि विवाद के दौरान हुई धक्का-मुक्की के कारण कृष्णपाल की तबीयत बिगड़ी, जबकि कुछ परिजन मौत की वजह हार्ट अटैक बता रहे हैं।

वहीं मृतक पक्ष के लोगों ने विपक्षी पक्ष पर हत्या का आरोप लगाते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है।बुजुर्ग की मौत की खबर फैलते ही गांव में लोगों की भीड़ जुट गई। बुधवार को बड़ी संख्या में ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने रायबरेली पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाने में लगी है।

एसपी कार्यालय पहुंचा परिवार, न्याय की लगाई गुहार मृतक के परिजनों ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की। उनका कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के मुताबिक सजा दिलाई जाए, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

Related posts