रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने और ग्रामीणों को राहत एवं बचाव संबंधी जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शनिवार को महराजगंज क्षेत्र के कोटवा मदनिया गांव में विशेष बाढ़ राहत चौपाल का आयोजन किया गया। प्राथमिक विद्यालय कोटवा मदनिया परिसर में आयोजित चौपाल में प्रशासनिक अधिकारियों ने ग्रामीणों को बाढ़ से बचाव के उपायों की जानकारी दी,
वहीं स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग की टीमों ने लोगों और पशुओं के लिए आवश्यक दवाओं का वितरण किया।उपजिलाधिकारी चंद्र प्रकाश गौतम ने बताया कि जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका के निर्देश पर बाढ़ प्रभावित एवं संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार राहत चौपालों का आयोजन किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन बाढ़ की स्थिति पर सतत निगरानी बनाए हुए है और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। चौपाल में सीएचसी अधीक्षक डॉ. गणनायक पाण्डेय, पशु चिकित्साधिकारी डॉ. उमेश चंद्र समेत राजस्व, स्वास्थ्य और पशुपालन विभाग की टीमें मौजूद रहीं।
इसी क्रम में शिवगढ़ क्षेत्र के रायपुर गांव में भी नायब तहसीलदार उमेशचंद्र त्रिपाठी की अगुवाई में बाढ़ राहत चौपाल आयोजित की गई। यहां अधिकारियों ने ग्रामीणों को जलभराव, डूबने की घटनाओं और जलजनित रोगों से बचाव के उपायों की विस्तार से जानकारी दी।
साथ ही लोगों से प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सूचना देने की अपील की गई। अधिकारियों ने विशेष रूप से बच्चों को नदी, नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखने की सलाह दी।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने स्थानीय समस्याएं भी अधिकारियों के सामने रखीं। हैदरगढ़ रोड से मदनिया तक जलभराव की समस्या पर संज्ञान लेते हुए उपजिलाधिकारी ने बारिश समाप्त होने के बाद सड़क को ऊंचा कराने का आश्वासन दिया। उन्होंने ग्राम प्रधान प्रतिनिधि शत्रोहन सोनी को इस संबंध में प्रस्ताव तैयार कर शीघ्र भेजने के निर्देश भी दिए।
प्रशासन की इस पहल से ग्रामीणों में भरोसा बढ़ा है और बाढ़ से पहले राहत एवं बचाव की तैयारियों को लेकर जागरूकता का माहौल बना है।
